पालघर जिले के विक्रमगढ़ इलाके में स्थित महालक्ष्मी ज्वैलर्स दुकान से हुई सोने के आभूषणों की चोरी के मामले में पालघर पुलिस ने महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। पुलिस ने चोरी किए गए सोने के आभूषणों का एक बड़ा हिस्सा बरामद करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, दुकान मालिक आदिनाथ महादेव कचरे (36 वर्ष) ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 14 जनवरी 2026 को एक व्यक्ति दुकान में आया और कर्मचारियों के व्यस्त होने के समय का फायदा उठाकर कैश काउंटर के नीचे रखे प्लास्टिक बैग, जिसमें सोने के टॉप्स रखे थे, को चुराकर भाग निकला। चोरी किए गए सोने का वजन 148.9 ग्राम और बाजार मूल्य लगभग 18 लाख रुपये आंका गया था।
इस घटना के संदर्भ में विक्रमगढ़ पुलिस स्टेशन में भारतीय दंड संहिता, 2023 की धारा 305 के तहत अपराध क्रमांक 02/2026 दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पालघर के पुलिस अधीक्षक यतीश देशमुख के निर्देशन में विक्रमगढ़ पुलिस स्टेशन तथा स्थानीय अपराध शाखा की संयुक्त जांच टीम गठित की गई।
जांच दल ने सीसीटीवी रिकॉर्डिंग, तकनीकी साक्ष्य और गुप्त सूचनाओं के आधार पर आरोपी की पहचान मोहम्मद कलाम सलामुद्दीन अंसारी (42 वर्ष), निवासी भिवंडी, जिला ठाणे, के रूप में की। पुलिस ने 24 जनवरी 2026 की रात 12:05 बजे भिवंडी से उसे गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने 101 ग्राम वजन के 39 जोड़ी सोने के आभूषण बरामद किए हैं। न्यायालय ने आरोपी को 30 जनवरी 2026 तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है। मामले की आगे की जांच प्रगति पर है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार व्यक्ति एक आदतन अपराधी है, जिसके खिलाफ बुलढाणा, ठाणे ग्रामीण, ठाणे शहर, पालघर, मीरा-भायंदर-वसई-विरार पुलिस आयुक्तालय तथा रायगढ़ जिले में संपत्ति संबंधी कुल 13 मुकदमे दर्ज हैं।
इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विनायक नरले, दहानू डिवीजन की उप-विभागीय पुलिस अधिकारी अंकिता कांसे, पालघर स्थानीय अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक प्रदीप पाटिल, विक्रमगढ़ पुलिस स्टेशन के प्रभारी अधिकारी सपोनी अजीत गोले तथा एलसीबी व विक्रमगढ़ पुलिस के अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
यह कार्रवाई पालघर जिले में अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था बनाए रखने के प्रति पुलिस प्रशासन की दृढ़ प्रतिबद्धता को दर्शाती है।