सीएमओ के निरीक्षण में सामने आई लापरवाही, अनुपस्थित कर्मचारियों से स्पष्टीकरण लेने के निर्देश
जौनपुर। जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्था का जायजा लेने के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी जौनपुर ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामपुर समेत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अड़ियार कठवतीय और सुरेरी का निरीक्षण किया। रामपुर सीएचसी में निरीक्षण के दौरान कई कर्मचारी और एक चिकित्सक ड्यूटी से अनुपस्थित पाए गए।
रामपुर सीएचसी में अनुपस्थित मिले कर्मचारी
निरीक्षण के दौरान रामपुर सीएचसी में बीसीपीएम, लैब टेक्नीशियन (एलटी), एआरओ और डॉ. राहुल गुप्ता अनुपस्थित मिले। सीएमओ ने सभी अनुपस्थित कर्मचारियों से स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश दिए।
हालांकि, सीएचसी में साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक पाई गई और आवश्यक दवाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध मिलीं।
प्रसूता को मिली स्वास्थ्य सुविधा
प्रसव कक्ष के निरीक्षण के दौरान भर्ती प्रसूता भारती ने पुत्र को जन्म दिया था। सीएमओ ने संबंधित स्टाफ को जननी सुरक्षा योजना के तहत भुगतान की प्रक्रिया पूरी कर जल्द से जल्द भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
दो स्वास्थ्य केंद्रों पर व्यवस्था संतोषजनक
इसके बाद प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अड़ियार कठवतीय और सुरेरी का भी निरीक्षण किया गया। दोनों केंद्रों पर सभी अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित मिले। साफ-सफाई तथा आवश्यक दवाओं की उपलब्धता भी संतोषजनक पाई गई।
सीएमओ ने सभी स्वास्थ्यकर्मियों को निर्धारित समय पर ड्यूटी पर उपस्थित रहने और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही उपचार और मरीजों की सुविधाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बरतने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
तृप्ति प्रमाण न्यूज



