शहापुर तालुका के आदिवासी परिवारों को आवास योजना की लंबित आर्थिक सहायता का मामला अब विधानसभा तक पहुंच गया है। क्षेत्र की विधायक स्नेहा दुबे पंडित ने बजट सत्र के दौरान तारांकित प्रश्न क्रमांक 25282 के माध्यम से इस विषय को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने सदन को अवगत कराया कि ‘जन-मन घरकुल योजना’ के अंतर्गत प्रत्येक पात्र लाभार्थी को लगभग 2 लाख 39 हजार रुपये की सहायता निर्धारित है। हालांकि, बड़ी संख्या में लाभार्थियों को तीसरी किस्त, मजदूरी भुगतान और शौचालय निर्माण से संबंधित राशि अब तक प्राप्त नहीं हो सकी है। विधायक ने बताया कि प्रति आवास करीब 60 हजार रुपये की राशि अटकी हुई है, जिससे कई परिवारों के सामने आर्थिक संकट की स्थिति बन गई है और निर्माण कार्य भी प्रभावित हो रहा है। इस विषय पर जवाब देते हुए आदिवासी विकास मंत्री अशोक वुइके ने कहा कि मजदूरी से संबंधित धनराशि केंद्र सरकार से प्राप्त होते ही पात्र लाभार्थियों के खातों में जमा कर दी जाएगी। विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभाग को समयबद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए। मंत्री ने आश्वासन दिया कि इस संबंध में शीघ्र बैठक आयोजित कर सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा ताकि लाभार्थियों को जल्द राहत मिल सके।
वसई | तृप्ति प्रमाण। राष्ट्रीय हिंदी साप्ताहिक संवाददाता: साहिल यादव