पटना: सिगोड़ी हैंडलूम क्लस्टर, पटना में स्थानीय बुनकरों के उत्पादों को बढ़ावा देने एवं उन्हें बाजार से सीधे जोड़ने के उद्देश्य से बायर–सेलर मीट का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्लस्टर के अनेक बुनकरों ने भाग लिया और अपने उत्पादों के साथ स्टॉल लगाए। बुनकरों द्वारा लगाए गए स्टॉलों में सतरंगी चादर, गमछा एवं रूमाल जैसे पारंपरिक हैंडलूम उत्पादों का प्रदर्शन किया गया। खरीदारों ने इन उत्पादों में गहरी रुचि दिखाई तथा बुनकरों से सीधे संवाद कर उनके निर्माण एवं गुणवत्ता की जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर जिला उद्योग केन्द्र, पटना के महाप्रबंधक ने बुनकरों को संबोधित करते हुए कहा कि इस प्रकार के बायर–सेलर मीट से बुनकरों को अपने उत्पादों के लिए बेहतर बाजार उपलब्ध होगा तथा उनकी आय में वृद्धि होगी। उन्होंने बुनकरों को प्रोत्साहित किया कि वे अपने उत्पादों की गुणवत्ता बनाए रखते हुए अधिक से अधिक ऐसे आयोजनों में भाग लें। कार्यक्रम के माध्यम से बुनकरों और खरीदारों के बीच सीधा संपर्क स्थापित हुआ, जिससे भविष्य में व्यापारिक संभावनाएँ बढ़ने की उम्मीद है। उपस्थित प्रतिभागियों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे बुनकरों के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
ब्यूरो चीफ : विनोद प्रसाद।