---Advertisement---

टी पी एस कॉलेज में एलुमनी मीट 2026 का भव्य आयोजन पूर्ववर्ती छात्र हमारे ब्रांड एंबेसडर – प्रो शांडिल्य |

---Advertisement---

पटना, टी.पी.एस. कॉलेज में 14 मार्च 2026 को भव्य एलुमनी मीट 2026 का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कॉलेज के अनेक पूर्ववर्ती छात्र-छात्राएं उपस्थित हुए और अपने पुराने दिनों को याद करते हुए संस्थान के साथ भावनात्मक जुड़ाव व्यक्त किया। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धि हासिल करने वाले पूर्ववर्ती छात्रों एवं प्रमुख हस्तियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कॉलेज के प्राचार्य प्रो. तपन कुमार शांडिल्य ने कहा कि शिक्षकों को अपने पूर्ववर्ती छात्रों की उपलब्धियों पर गर्व होता है। उन्होंने कहा कि पहले कॉलेज में कुछ कमियां थीं, लेकिन अब संस्थान में काफी विकास हुआ है। उन्होंने पूर्व छात्रों को कॉलेज का ब्रांड एंबेसडर बताते हुए उनसे संस्थान के विकास में सहयोग देने और अपने अनुभव वर्तमान छात्रों के साथ साझा करने का आग्रह किया। एलुमनी सेल के संयोजक डॉ. प्रशांत कुमार ने कार्यक्रम का परिचय देते हुए कहा कि यह केवल पुनर्मिलन नहीं है, बल्कि अतीत और वर्तमान के बीच एक भावनात्मक संवाद है। उन्होंने एलुमनी एसोसिएशन की गतिविधियों की जानकारी देते हुए कहा कि कॉलेज द्वारा एलुमनी पोर्टल तैयार किया जा रहा है, जिससे दूर-दराज के पूर्व छात्रों से भी संपर्क स्थापित किया जा सकेगा। एसोसिएशन के सचिव प्रो. शैलेश कुमार ने कॉलेज के संस्थापक ठाकुर प्रसाद सिंह को स्मरण करते हुए कहा कि इस संस्थान से कई आईएएस, प्रोफेसर, वैज्ञानिक और खिलाड़ी निकले हैं, जो कॉलेज की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं। एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. विमल कुमार ने प्रतिभाशाली छात्रों के लिए एलुमनी स्कॉलरशिप और कैरियर गाइडेंस सेंटर स्थापित करने का सुझाव दिया। साथ ही वार्षिक एलुमनी व्याख्यान श्रृंखला शुरू करने की भी बात कही। कार्यक्रम में गया के एसडीएम अंकुर कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि कॉलेज में आयोजित एलुमनी मीट उनके लिए बेहद भावुक और यादगार क्षण है। वहीं वरिष्ठ हाईकोर्ट अधिवक्ता नरेंद्र कुमार ने कहा कि यह दूसरा एलुमनी मीट है और ऐसे आयोजन संस्थान और छात्रों के बीच संबंध को मजबूत बनाते हैं। इस अवसर पर प्रो. विजय कुमार सिन्हा, प्रो. कृष्णानंद प्रसाद, प्रो. हेमलता सिंह, डॉ शशि भूषण चौधरी, डॉ सानंदा सिन्हा,डॉ. विनय भूषण कुमार, डॉ. नूतन कुमारी, डॉ. ज्योत्स्ना कुमारी, डॉ उषा किरण, डॉ. उमेश कुमार, डॉ शशि शेखर सिंह, डॉ अश्विनी कुमार, कुमार अमिताभ, अंबरीश कुमार, अवनीत भूषण सहित कई शिक्षक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी हुईं, जिसमें दिव्या का नृत्य और रागिनी द्वारा प्रस्तुत मैथिली गीत मुख्य आकर्षण रहा। कार्यक्रम के अंत में आईक्यूएसी कोऑर्डिनेटर प्रो. रूपम ने धन्यवाद ज्ञापन किया। इस अवसर पर अंकित तिवारी, अमन कुमार, शिवम पराशर सहित कई ख्यातिलब्ध, प्रतिष्ठित एवं सफल पूर्ववर्ती छात्र उपस्थित रहे। कार्यक्रम की जानकारी मीडिया समन्वयक डॉ. मुकुंद कुमार द्वारा दी गई।

ब्यूरो चीफ विनोद प्रसाद

Join WhatsApp

Join Now

---Advertisement---
Rajesh