---Advertisement---

TRE-4 वैकेंसी: बिहार के लाखों शिक्षक अभ्यर्थी सड़कों पर, पटना में छात्र नेता दिलीप कुमार का अनशन |

---Advertisement---

पटना | तृप्ति प्रमाण ब्यूरो विनोद प्रसाद

बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) द्वारा आयोजित की जाने वाली टीआरई-4 (TRE-4) शिक्षक वैकेंसी को लेकर लाखों अभ्यर्थियों का आक्रोश अब सड़कों पर दिखाई देने लगा है। पटना के गर्दनीबाग धरना स्थल पर शुक्रवार को हजारों शिक्षक उम्मीदवारों ने सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक प्रदर्शन किया।

आंदोलन का नेतृत्व छात्र नेता दिलीप कुमार ने किया। उन्होंने अभ्यर्थियों के समर्थन में सहयोगियों के साथ पूरे दिन अनशन पर बैठकर राज्य सरकार और बिहार लोक सेवा आयोग के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया।

दो साल से लटकी है वैकेंसी प्रक्रिया

टीआरई-4 के लाखों अभ्यर्थी पिछले दो वर्षों से इस वैकेंसी की प्रतीक्षा कर रहे हैं, लेकिन अभी तक आधिकारिक विज्ञापन जारी नहीं किया गया है। पिछले एक वर्ष से शिक्षा मंत्री की ओर से बार-बार यह आश्वासन दिया जाता रहा है कि ’10-15 दिनों में वैकेंसी आ जाएगी’।

वर्ष 2025 में मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री ने बताया था कि 2025 में टीआरई-4 और 2026 में टीआरई-5 की परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। बिहार लोक सेवा आयोग ने फरवरी के दूसरे सप्ताह में एक नोटिस जारी करते हुए सूचित किया था कि अधिसूचना की स्वीकृति मिल चुकी है और शीघ्र ही टीआरई-4 का विज्ञापन जारी कर दिया जाएगा। हालांकि, 58 दिनों से अधिक समय बीत जाने के बाद भी आयोग की ओर से कोई आधिकारिक विज्ञापन जारी नहीं किया गया है।

अभ्यर्थियों का कहना है – बार-बार गुमराह किया जा रहा है

छात्र नेता दिलीप कुमार ने आरोप लगाया कि टीआरई-4 के अभ्यर्थियों को बार-बार गुमराह किया जा रहा है। विज्ञापन के इंतजार में हजारों उम्मीदवारों की आयु सीमा समाप्त होती जा रही है। उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग और बीपीएससी द्वारा लाखों शिक्षक अभ्यर्थियों के साथ अन्याय किया जा रहा है।

दिलीप कुमार ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि अतिशीघ्र वैकेंसी का विज्ञापन जारी नहीं किया गया, तो अगली बार लाखों अभ्यर्थी पटना की सड़कों पर उतरकर बड़ा आंदोलन करेंगे।

प्रदर्शन में शामिल हुए हजारों अभ्यर्थी

अनशन एवं प्रदर्शन में छात्र नेता दिलीप कुमार के साथ प्रियंका पटेल, दीपक पाण्डेय सहित टीआरई-4 के अभ्यर्थी अंशु, बबली, अनुपमा, नेहा परवीन, अभीश्री, आयुषी, प्रीति, साहबाज आलम, शंकर सुमन, रविरंजन, लव कश्यप, कमलेश, दीपक, भूपेश, अमित, दीपक भारती, आशुतोष, अभिजीत सहित हजारों अभ्यर्थी उपस्थित रहे।

शाम के समय जिला प्रशासन के अधिकारी धरना स्थल पर पहुंचे। अभ्यर्थियों की ओर से मुख्यमंत्री, शिक्षा मंत्री, शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव और बीपीएससी अध्यक्ष के नाम अलग-अलग चार मांग-पत्र सौंपे गए।

अभ्यर्थियों की प्रमुख मांगें:

  • टीआरई-4 वैकेंसी का विज्ञापन तत्काल जारी किया जाए।
  • आयु सीमा में छूट एवं परीक्षा पैटर्न को लेकर स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए जाएं।
  • चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए।

Join WhatsApp

Join Now

---Advertisement---
Rajesh