---Advertisement---

भिवंडी: स्क्रैप गोदाम में लगी भीषण आग, दमकल की समय रहते कार्रवाई से टली बड़ी आपदा |

---Advertisement---

भिवंडी, तृप्ति प्रमाण
टेमघर इलाके में स्थित STEM अथॉरिटी के जल शोधन केंद्र के निकट एक खुले प्लाट पर बना स्क्रैप भंडारण गोदाम शनिवार की शाम अचानक आग की चपेट में आ गया। गोदाम में जमा लकड़ी का माल, प्लास्टिक ड्रम, पुरानी बैटरियां और अन्य दहनशील वस्तुओं के कारण आग ने तेजी से विकराल रूप धारण कर लिया और आसमान छूती लपटें कई किलोमीटर दूर से दिखाई देने लगीं।

सूचना मिलते ही भिवंडी दमकल विभाग की दो इकाइयां तुरंत रवाना हुईं और आग पर काबू पाने का अभियान शुरू किया। साथ ही शांतिनगर पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक विनायक गायकवाड़, मनपा वार्ड समिति क्रमांक-2 के वार्ड अधिकारी विनोद मनोरे सहित अन्य स्थानीय अधिकारी और कर्मचारी भी घटनास्थल पर पहुँचकर स्थिति का जायजा लिया।

जानकारी के अनुसार, यह स्क्रैप गोदाम STEM अथॉरिटी के जल शोधन संयंत्र की सुरक्षा दीवार से सटा हुआ है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि आग निकटवर्ती बिजली सब-स्टेशन या पंपिंग यूनिट तक पहुँच जाती, तो ठाणे, भिवंडी और मीरा-भायंदर सहित आसपास के इलाकों में पेयजल आपूर्ति गंभीर रूप से प्रभावित हो सकती थी और एक बड़ा जल संकट उत्पन्न हो सकता था।

दमकल कर्मियों की त्वरित और सुनियोजित कार्रवाई के चलते लगभग दो घंटे की निरंतर मशक्कत के बाद आग पर पूर्ण नियंत्रण स्थापित किया गया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी भी प्रकार की जान-माल की क्षति की सूचना नहीं मिली है। वर्तमान में आग लगने के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए तकनीकी टीम द्वारा जांच प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें। साथ ही, ऐसी दुर्घटनाओं से बचाव के लिए ज्वलनशील सामग्री के भंडारण में सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने की भी हिदायत दी गई है।

Join WhatsApp

Join Now

---Advertisement---
Rajesh