पटना, जनता दल (यू) के बिहार प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए नामांकन की प्रक्रिया शुक्रवार को पार्टी के प्रदेश कार्यालय में पूरी हो गई। एकमात्र उम्मीदवार वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने नामांकन दाखिल किया। चूंकि नामांकन की अंतिम तिथि तक किसी अन्य नेता ने पर्चा दाखिल नहीं किया, इसलिए उनका तीसरी बार निर्विरोध प्रदेश अध्यक्ष चुना जाना लगभग तय माना जा रहा है। उमेश कुशवाहा के नामांकन के दौरान पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। उनके नामांकन में सांसद रामनाथ ठाकुर, बिहार सरकार की मंत्री लेशी सिंह और मंत्री श्रवण कुमार सहित कई विधायकों ने प्रस्तावक की भूमिका निभाई। इस मौके पर जद (यू) नेताओं और कार्यकर्ताओं की बड़ी संख्या प्रदेश कार्यालय में मौजूद रही। नामांकन दाखिल करने के बाद उमेश कुशवाहा ने कहा कि आज शाम पांच बजे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के ने जद (यू) विधायकों की महत्वपूर्ण बैठक बुलाई गई है। यह बैठक मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित होगी, जिसमें पार्टी के सभी विधायक शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि बैठक में मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों पर चर्चा की जाएगी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार विधायकों से सीधे संवाद करेंगे और आगे की राजनीतिक रणनीति पर अपनी बात रखेंगे। हाल के दिनों में बिहार की राजनीति में तेज़ी से बदल रहे घटनाक्रमों के बीच इस बैठक को काफी अहम माना जा रहा है। राजनीतिक हलकों में यह चर्चा भी चल रही है कि राज्यसभा चुनाव और संभावित नेतृत्व परिवर्तन को देखते हुए जद(यू) अपने संगठन और सरकार दोनों स्तरों पर रणनीति तय कर रहा है। ऐसे में प्रदेश अध्यक्ष पद पर उमेश कुशवाहा का लगातार तीसरी बार चुना जाना पार्टी संगठन में स्थिरता का संकेत माना जा रहा है।
तृप्ति प्रमाण : ब्यूरो चीफ : विनोद प्रसाद।