तृप्ति प्रमाण न्यूज़ / जौनपुर
रिपोर्टर / ब्यूरो चीफ: दिलीप कुमार
जौनपुर: उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल सोमवार को पूर्वांचल विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शिरकत करने के लिए जौनपुर पहुंचीं। यह पहला अवसर था जब महामहिम ने बेगमपुरा एक्सप्रेस से यात्रा करते हुए सुबह 11:35 बजे जौनपुर सिटी रेलवे स्टेशन पर कदम रखा। उनके आगमन को लेकर रेलवे स्टेशन और आसपास के इलाकों में सुरक्षा के अभेद्य इंतजाम किए गए थे।
प्रशासनिक अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ देकर की अगवानी
ट्रेन के प्लेटफॉर्म पर रुकते ही प्रशासनिक महकमे में हलचल तेज हो गई। जिलाधिकारी (DM) और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SP) ने प्रोटोकॉल के तहत राज्यपाल महोदया की आगवानी की और उन्हें सुंदर पुष्पगुच्छ (गुलदस्ता) भेंट कर जिले में उनका आत्मीय व भव्य स्वागत किया। इस दौरान शासन व प्रशासन के कई अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मुस्तैद रहे।
अभेद्य सुरक्षा के बीच दीक्षांत समारोह स्थल के लिए हुईं रवाना
महामहिम के आगमन को देखते हुए जौनपुर सिटी रेलवे स्टेशन से लेकर कार्यक्रम स्थल तक कड़े सुरक्षा मापदंड लागू किए गए थे। पुलिस बल और एस्कॉर्ट गाड़ियों के काफिले के बीच राज्यपाल आनंदीबेन पटेल स्टेशन से सीधे वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के 30वें दीक्षांत समारोह में शामिल होने के लिए रवाना हो गईं।