घर के पीछे नाले में गिरने से दो वर्षीय मासूम की मौत, वसई पूर्व में पसरा मातम |

Share:

वसई | तृप्ति प्रमाण

वसई पूर्व में एक दर्दनाक हादसे में दो वर्षीय मासूम की जान चली गई। विहार कॉलोनी स्थित साईं मंदिर के पास घर के पीछे खेल रहा बच्चा अचानक नाले में गिर गया। इस घटना से परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं और इलाके में शोक का माहौल है।

मृतक बच्चे की पहचान दो वर्षीय अंकुश शहदेव तुरीया के रूप में हुई है।

खेलते समय नाले में गिरा बच्चा

मिली जानकारी के अनुसार, वालीव पुलिस स्टेशन में दर्ज अकस्मात मृत्यु रिपोर्ट (एडीआर) के मुताबिक, अंकुश अपने घर के पीछे खेल रहा था। इसी दौरान वह अचानक नाले में गिर गया। नाले का गंदा पानी उसके नाक और मुंह में चला गया, जिसके बाद वह बेहोश हो गया।

बच्चे की हालत देखकर परिजन उसे आनन-फानन में उपचार के लिए वसई-विरार शहर महानगरपालिका अस्पताल ले गए, जो नालासोपारा पूर्व के नागिनदासपाड़ा क्षेत्र में स्थित है। हालांकि, वहां ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों ने जांच के बाद बच्चे को अस्पताल में भर्ती करने से पहले ही मृत घोषित कर दिया।

वालीव पुलिस स्टेशन में एडीआर दर्ज

इस मामले में वालीव पुलिस स्टेशन में अकस्मात मृत्यु रिपोर्ट (एडीआर) दर्ज की गई है। घटना की आगे की जांच पुलिस उपनिरीक्षक सांगले कर रहे हैं।

इस दुखद हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। घर के पीछे स्थित नाले में गिरने से मासूम की मौत की घटना से स्थानीय क्षेत्र में शोक व्याप्त है।

रिपोर्ट: तृप्ति प्रमाण

Share: