आंदोलन की चेतावनी के बाद मनपा प्रशासन हरकत में
वसई के वसंत नगरी से वसई पूर्व-पश्चिम को जोड़ने वाले पुल की पूर्व दिशा की मुख्य सड़क की दयनीय स्थिति पर वसई की विधायक स्नेहा दुबे पंडित के कड़े रुख के बाद वसई-विरार शहर महानगरपालिका प्रशासन एक्शन मोड में आ गया है। सड़क की बदहाली और नागरिकों की सुरक्षा का मुद्दा उठाते हुए विधायक द्वारा आंदोलन की चेतावनी दिए जाने के बाद 25 अगस्त को मनपा आयुक्तालय में एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई।
जैन कंस्ट्रक्शन 1 वर्ष के लिए डिबार, ‘रिस्क एंड कॉस्ट’ पर होगी मरम्मत
मनपा आयुक्त पृथ्वीराज बी.पी. ने स्पष्ट किया कि उक्त सड़क का निर्माण मे. जैन कंस्ट्रक्शन, मुंबई द्वारा कराया गया था। दोष दायित्व अवधि (DLP) में सड़क खराब होने पर दिए गए नोटिस का ठेकेदार ने कोई जवाब नहीं दिया। इसके चलते मनपा ने कंपनी को एक साल के लिए प्रतिबंधित (Debar) कर दिया है। अब सड़क की मरम्मत ‘Risk & Cost’ के तहत दूसरे ठेकेदार से कराई जाएगी, जिसका संपूर्ण वित्तीय भार जैन कंस्ट्रक्शन से वसूला जाएगा।
IIT मुंबई करेगी गुणवत्ता की जांच, गणेशोत्सव से पहले मास्टिक पद्धति से भरे जाएंगे गड्ढे
नागरिकों को तुरंत राहत देने के लिए मनपा ने मास्टिक पद्धति से गड्ढे भरने के निर्देश जारी किए हैं। इसके साथ ही सड़क निर्माण के मूल डिजाइन और गुणवत्ता की जांच के लिए IIT मुंबई की मदद ली जा रही है। विधायक स्नेहा दुबे पंडित ने मांग की है कि घटिया काम करने वाले ठेकेदार के खिलाफ आपराधिक मुकदमा दर्ज किया जाए और जिम्मेदार कनिष्ठ व उप-अभियंता पर भी कड़ी कार्रवाई की जाए। गणेशोत्सव से पहले शहर की अन्य प्रमुख सड़कों की मरम्मत का कार्य भी पूरा करने का आश्वासन प्रशासन ने दिया है।
(विशेष प्रतिनिधि — साहिल यादव, तृप्ति प्रमाण)