मुंबई रेलवे विकास निगम लिमिटेड (एमआरवीसी) ने मुंबई शहरी परिवहन परियोजना चरण 3ए (MUTP–3A) के तहत वसई रोड रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं को बढ़ावा देते हुए एक नया पैदल पुल (फुट ओवर ब्रिज) गुरुवार को जनता के लिए समर्पित कर दिया। यह पुल 6 मीटर चौड़ा और 42 मीटर लंबा है।
नवनिर्मित पैदल पुल स्टेशन के पूर्वी परिधीय क्षेत्र को द्वीप प्लेटफॉर्म संख्या 4-5 तथा 6-7 से जोड़ता है। इसके साथ ही पूर्व दिशा में नई सीढ़ियों का निर्माण किया गया है, जिससे यात्रियों की आवाजाही अधिक सुगम एवं सुरक्षित होगी।
एमआरवीसी द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, इस पैदल पुल से जुड़ा हुआ 50 मीटर लंबा और 10 मीटर चौड़ा उठा हुआ डेक (एलिवेटेड डेक) भी सेवा में लाया गया है। यह डेक भविष्य में निर्मित होने वाले 250 मीटर लंबे और 10 मीटर चौड़े बड़े डेक का एक भाग है। इससे पूर्व दिसंबर 2025 में इसी डेक का 60 मीटर लंबा और 10 मीटर चौड़ा खंड यात्रियों के लिए खोला जा चुका है।
अत्यधिक व्यस्त वसई रोड स्टेशन पर इन नई सुविधाओं के शुरू होने से यात्री भीड़ कम होने और प्रतीक्षा क्षेत्र बढ़ने की संभावना है। एमआरवीसी द्वारा स्टेशन पर विकास कार्य चरणबद्ध ढंग से किए जा रहे हैं ताकि उपनगरीय रेल सेवाओं को बाधा न पहुंचे।
परियोजना के प्रमुख उद्देश्यों में यात्री सुरक्षा में वृद्धि, ऊर्ध्वाधर एवं क्षैतिज गतिविधियों को सुचारु बनाना तथा अतिरिक्त प्रतीक्षा स्थल उपलब्ध कराना शामिल है। एमआरवीसी के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुनील उदासी ने बताया कि वसई रोड स्टेशन पर ये सुविधाएं पश्चिमी उपनगरीय रेल कॉरिडोर में यात्री अवसंरचना को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम हैं।
एमआरवीसी ने MUTP–3A परियोजना के शेष कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण करने तथा यात्रियों को आधुनिक एवं विश्वसनीय रेल अवसंरचना उपलब्ध कराने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है।
संवाददाता: साहिल यादव।