आगामी बारिश के मौसम को ध्यान में रखते हुए वसई-विरार शहर महानगरपालिका द्वारा शहरभर में नालों की सफाई और जलनिकासी व्यवस्था दुरुस्त करने का अभियान तेज कर दिया गया है। इसी क्रम में सोमवार को महानगरपालिका आयुक्त पृथ्वीराज बी.पी. ने शहर के अलग-अलग इलाकों में चल रहे सफाई कार्यों का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण की शुरुआत आचोले इलाके में कैपिटल मॉल के पास रेलवे लाइन से सटे नाले की सफाई से हुई। इसके बाद वसई पश्चिम के डीजी नगर उद्यान दिवाणमान क्षेत्र में चेंबर सफाई कार्यों का जायजा लिया गया। वहीं बाभोला स्थित दत्तानी मॉल के सामने चल रहे नाला सफाई कार्यों का भी निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने वसई किला क्षेत्र में खाड़ी से जुड़े नाले की स्थिति की भी समीक्षा की।
आयुक्त ने संबंधित विभाग और ठेकेदारों को निर्देश दिए कि सभी सफाई कार्य तय समयसीमा के भीतर पूरे किए जाएं। साथ ही नालों से निकाले गए गाद और कचरे को तुरंत हटाने, जलप्रवाह में रुकावट पैदा करने वाली वस्तुओं को साफ करने तथा कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने के आदेश दिए गए।
उन्होंने कुछ स्थानों पर अतिरिक्त सुधार कार्य करने के भी निर्देश दिए और नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त आयुक्त संजय हेरवाडे, उपआयुक्त अर्चना दिवे, सहायक आयुक्त जितेंद्र नाईक सहित स्वच्छता विभाग के अधिकारी, अभियंता और कर्मचारी उपस्थित रहे।
महानगरपालिका प्रशासन की ओर से बताया गया कि मानसून पूर्व तैयारियों के तहत नाला सफाई, सड़क मरम्मत, जलनिकासी व्यवस्था को मजबूत करने और आपातकालीन सेवाओं को सक्रिय रखने का काम तेजी से जारी है। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे नालों में प्लास्टिक, कचरा या निर्माण सामग्री न फेंके, ताकि शहर को स्वच्छ और जलभराव मुक्त रखा जा सके।
वसई-विरार | संवाददाता: साहिल यादव