---Advertisement---

वेलांकन्नी तीर्थयात्रियों के लिए रेलवे का बड़ा फैसला: भूस्खलन के बाद दौंड में ट्रेन रोककर सुनिश्चित की गई आगे की यात्रा |

---Advertisement---

वसई (संवाददाता, साहिल यादव): वसई से वेलांकन्नी (चेन्नई) में आयोजित होने वाले प्रसिद्ध नोवेना और वार्षिक उत्सव में भाग लेने जा रहे सैकड़ों श्रद्धालुओं के लिए राहत भरी खबर है। रास्ते में आए अचानक संकट के बाद, रेल प्रशासन और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने तत्परता दिखाते हुए तीर्थयात्रियों की यात्रा को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष व्यवस्था की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, विशेष ट्रेन संख्या 10116 शुक्रवार तड़के लगभग 2:58 बजे वसई रोड स्टेशन से यात्रियों को लेकर दौंड के लिए रवाना हुई।

लोणावला में भूस्खलन से बाधित हुआ था रूट

दरअसल, लोणावला क्षेत्र में भारी बारिश के कारण रेलवे ट्रैक पर अचानक भूस्खलन (Landslide) हो गया था। इस वजह से पूर्व निर्धारित ट्रेन संख्या 09419 अपने तय मार्ग से भटक गई और प्रभावित हो गई, जिससे तीर्थयात्रियों की आगे की यात्रा पर अनिश्चितता के बादल मंडराने लगे थे। संकट की इस घड़ी में जनप्रतिनिधियों ने तुरंत मोर्चा संभाला और रेल मंत्रालय व रेल प्रशासन से आपातकालीन समन्वय स्थापित कर दौंड स्टेशन पर ट्रेन को रोकने की विशेष व्यवस्था कराई।

इस तरह सुरक्षित रूप से आगे बढ़ेंगे श्रद्धालु

बनाई गई विशेष योजना के तहत, वसई से रवाना हुई स्पेशल ट्रेन सुबह जैसे ही दौंड स्टेशन पहुंचेगी, वहां सभी श्रद्धालुओं को अहमदाबाद–तिरुचिरापल्ली एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 09419) में शिफ्ट (स्थानांतरित) किया जाएगा। इसके बाद सभी यात्री बिना किसी बाधा के सुरक्षित रूप से तांबरम (चेन्नई) तक अपनी आगे की धार्मिक यात्रा जारी रख सकेंगे।

आम यात्रियों की सुविधा का भी रखा गया ध्यान

प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मडगांव–बांद्रा मार्ग की विशेष ट्रेन संख्या 10116 को भी वसई में रोका गया था। साथ ही, आम यात्रियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए अलग से एक वैकल्पिक विशेष ट्रेन का इंतजाम किया गया, जिससे पूरा परिचालन सामान्य बना रहा।

जनप्रतिनिधियों और रेल प्रशासन के साझा प्रयासों की सफलता

विधायक स्नेहा दुबे पंडित कार्यालय (वसई पश्चिम) की ओर से जारी जानकारी में इस सफल समन्वय को जनप्रतिनिधियों, रेल मंत्रालय और रेल प्रशासन के संयुक्त प्रयासों का परिणाम बताया गया है। इस पूरी आपातकालीन प्रक्रिया में भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष मैथ्यू कोलासो, मत्स्यव्यवसाय मंत्रालय समन्वयक व भाजपा मछुआरा प्रकोष्ठ संयोजक अवि सुरेश चावंडे, युवा कार्यकर्ता रोहन हडकी और कांग्रेस के वैलेंटाइन मिरची ने भी सक्रिय भूमिका निभाई। प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से सांसद हेमंत सावरा, विधायक स्नेहा दुबे पंडित और समस्त रेलवे अधिकारियों व रेल प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया गया है।

Join WhatsApp

Join Now

---Advertisement---
Rajesh