वसई
वसई-विरार शहर के समुद्र तटों को स्वच्छ, सुरक्षित और पर्यटन की दृष्टि से सर्वसुविधायुक्त बनाने के लिए महानगरपालिका प्रशासन ने कदम बढ़ा दिए हैं। इसी कड़ी में वसई-विरार शहर महानगरपालिका के आयुक्त पृथ्वीराज बी.पी. (भा.प्र.से.) ने शनिवार को राजोडी समुद्र तट का प्रत्यक्ष निरीक्षण किया तथा वहां की सफाई व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया।
सफाई मशीनरी का निरीक्षण और निर्देश
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने राजोडी तट पर बीच क्लिनिंग मशीन द्वारा किए जा रहे सफाई कार्यों को देखा। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि तटों पर नियमित सफाई, वैज्ञानिक तरीके से कचरा संग्रहण और उसके उचित निस्तारण की व्यवस्था पूरी तरह प्रभावी रहनी चाहिए। पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में डस्टबिन लगाने के आदेश दिए गए।
सुरक्षा, वॉच टॉवर और पार्किंग पर चर्चा
पर्यटकों की सुरक्षा को सर्वोपरि बताते हुए आयुक्त ने समुद्र तट पर नए वॉच टॉवर स्थापित करने, आपातकालीन सहायता प्रणाली को मजबूत करने तथा पर्याप्त प्रकाश व सुरक्षाकर्मी तैनात करने पर चर्चा की। साथ ही, बीच परिसर में सुशोभीकरण, अत्याधुनिक शौचालयों के निर्माण और गाड़ियों के लिए उचित पार्किंग व्यवस्था विकसित करने की संभावनाओं पर अधिकारियों से जानकारी मांगी।
नागरिकों से सीधा संवाद और सहयोग की अपील
निरीक्षण के दौरान आयुक्त पृथ्वीराज बी.पी. ने वहां मौजूद स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं और सुझावों को सुना। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे समुद्र तट पर प्लास्टिक या कचरा न फेंकें और पर्यावरण को स्वच्छ रखने में मनपा का सहयोग करें।
इस अवसर पर अतिरिक्त आयुक्त संजय हेरवाडे, सहायक आयुक्त (घनकचरा व्यवस्थापन) जितेंद्र नाईक, मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।
रिपोर्ट: तृप्ति प्रमाण