नालासोपारा जिला परिषद स्कूल में प्रेशर कुकर फटा, दो छात्र गंभीर घायल; खाना बनाने वाली महिला भी झुलसी |

Share:

भोजन तैयार करने के दौरान हुआ हादसा, अस्पताल में घायलों का इलाज जारी

नालासोपारा: नालासोपारा स्थित जिला परिषद स्कूल में मंगलवार दोपहर भोजन तैयार करने के दौरान प्रेशर कुकर अचानक फटने से अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे में दो स्कूली छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि भोजन तैयार कर रही महिला भी झुलस गई।

घायल छात्रों की पहचान आयुष चौधरी और प्रसाद गौतम के रूप में हुई है। आयुष तीसरी कक्षा में, जबकि प्रसाद पांचवीं कक्षा में पढ़ता है।

दोपहर में भोजन बनाते समय हुआ धमाका

जानकारी के अनुसार, मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे स्कूल में बच्चों के लिए भोजन तैयार किया जा रहा था। इसी दौरान प्रेशर कुकर अचानक तेज धमाके के साथ फट गया। धमाके की आवाज सुनते ही स्कूल परिसर में हड़कंप मच गया।

हादसे में पास मौजूद दोनों छात्र घायल हो गए, जबकि खाना बना रही महिला भी इसकी चपेट में आने से झुलस गई।

घायलों को अस्पताल में कराया गया भर्ती

घटना के तुरंत बाद घायल छात्रों और महिला को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। फिलहाल दोनों छात्रों और घायल महिला का इलाज जारी है। कुकर फटने की वास्तविक वजह अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाई है। संबंधित अधिकारियों की ओर से मामले की जांच की जा रही है।

जनप्रतिनिधियों ने घटनास्थल का लिया जायजा

हादसे की जानकारी मिलते ही मेयर अजीव पाटिल सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने स्कूल परिसर का जायजा लेते हुए घटना की जानकारी ली।

स्कूल में बच्चों की सुरक्षा पर उठे सवाल

हादसे के बाद स्कूल में बच्चों की सुरक्षा और भोजन तैयार करने की व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। प्रशासन की जांच पूरी होने के बाद ही कुकर फटने की वास्तविक वजह और किसी संभावित लापरवाही के लिए जिम्मेदारी तय होने की उम्मीद है।

Share: