स्मार्ट मीटर और वाढवण बंदर के विरोध में चारोटी में माकपा का जोरदार आंदोलन |

Share:

विधायक विनोद निकोले के नेतृत्व में हजारों कार्यकर्ताओं ने NH-48 पर दिया धरना; प्रशासन के लिखित आश्वासन के बाद आंदोलन अस्थायी रूप से वापस

पालघर/डहाणू, 10 सितंबर 2026। स्मार्ट मीटर की अनिवार्यता, वाढवण बंदर परियोजना और पालघर जिले की जनता से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर भारत की मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी यानी माकपा ने गुरुवार को चारोटी में जोरदार जनआंदोलन किया। आंदोलन का नेतृत्व माकपा विधायक कॉमरेड विनोद निकोले ने किया। इस दौरान हजारों कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में नागरिकों ने हिस्सा लिया।

स्मार्ट मीटर और वाढवण बंदर परियोजना का विरोध

आंदोलनकारियों ने स्मार्ट मीटर की अनिवार्यता तत्काल समाप्त करने की मांग उठाई। इसके अलावा वाढवण बंदर परियोजना के विरोध और पालघर जिले की आम जनता से जुड़े विभिन्न सवालों पर सरकार से गंभीरता से ध्यान देने की मांग की गई।

माकपा कार्यकर्ताओं ने इन मुद्दों को लेकर सरकार की नीतियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगें प्रशासन के सामने रखीं।

NH-48 पर यातायात प्रभावित

आंदोलन राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 48 पर चारोटी में किया गया। इसके चलते कुछ समय के लिए राजमार्ग पर भारी भीड़ जमा हो गई और यातायात प्रभावित हुआ।

तीन घंटे से अधिक समय तक आंदोलन जारी रहने के बाद जिला प्रशासन के अधिकारियों ने आंदोलनकारियों के साथ चर्चा की। प्रशासन की ओर से आंदोलनकारियों की मांगों को लेकर लिखित आश्वासन दिए जाने के बाद माकपा ने आंदोलन को अस्थायी रूप से वापस लेने का निर्णय लिया।

बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और नागरिक शामिल

आंदोलन में माकपा की महाराष्ट्र राज्य समिति और पालघर जिला समिति के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक भी मौजूद रहे।

इस दौरान उपस्थित लोगों ने कहा कि विधायक विनोद निकोले के नेतृत्व में पालघर जिले की जनता के विभिन्न मुद्दों को लेकर लगातार आंदोलन किए जाते रहे हैं। स्थानीय समस्याओं को शासन के सामने उठाने और उनके समाधान के लिए संघर्ष करने की भूमिका के कारण कार्यकर्ताओं और नागरिकों में उनके प्रति विश्वास कायम हुआ है।

संवाददाता: पराग यादव, पालघर।

Share: