वसई में महिला से गाली-गलौज और धमकी देने का आरोप; डॉक्टर के खिलाफ विनयभंग का मामला दर्ज |

Share:

ओमनगर स्थित आवासीय सोसायटी की घटना; माणिकपुर पुलिस ने BNS की धाराओं के तहत दर्ज किया मामला

वसई। वसई पश्चिम के ओमनगर स्थित एक आवासीय सोसायटी में महिला के साथ कथित तौर पर गाली-गलौज करने, अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल करने और धमकी देने का मामला सामने आया है। इस मामले में माणिकपुर पुलिस स्टेशन में एक डॉक्टर के खिलाफ विनयभंग सहित भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, शिकायतकर्ता मालिनी विनोद मेनन (49), जो गृहिणी हैं, ने आरोप लगाया है कि 29 अगस्त की रात करीब 9:30 बजे सोसायटी परिसर में विवाद हुआ था। शिकायत में कहा गया है कि इस दौरान संबंधित व्यक्ति ने उनके और उनके परिवार के सदस्यों के साथ कथित तौर पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। महिला ने धमकी देने और अपमानजनक शब्दों का प्रयोग करने के आरोप भी लगाए हैं।

डॉक्टर के खिलाफ मामला दर्ज

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, आरोपी की पहचान डॉ. राकेश पाटील के रूप में हुई है। वह नालासोपारा पश्चिम के सोपारा गांव स्थित मनपा अस्पताल में कार्यरत बताए गए हैं। शिकायत के अनुसार, वह महिला की ही इमारत में रहते हैं।

BNS की धाराओं के तहत जांच

घटना के संबंध में सोमवार को माणिकपुर पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 79, 356 और 352 के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू की है।

फिलहाल, शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। आरोपों की पुष्टि जांच और कानूनी प्रक्रिया के बाद ही हो सकेगी।

रिपोर्ट: तृप्ति प्रमाण

Share: