पूर्णेकर हत्याकांड से मेरा और परिवार का कोई संबंध नहीं: मीनाक्षी शिंदे |

Share:

राजनीतिक स्वार्थ के लिए मामले को तूल देने का लगाया आरोप

ठाणे, 2 अक्टूबर। प्रदीप पूर्णेकर हत्याकांड को लेकर पूर्व महापौर और शिवसेना नेता मीनाक्षी शिंदे ने अपने और अपने परिवार पर लगाए जा रहे आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि इस हत्या से उनका या उनके परिवार का किसी भी प्रकार का संबंध नहीं है।

ठाणे में आयोजित पत्रकार वार्ता में मीनाक्षी शिंदे ने कहा कि पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और उनकी इच्छा है कि जांच निष्पक्ष रूप से आगे बढ़े। उन्होंने कहा कि यदि पुलिस उन्हें या उनके परिवार के किसी सदस्य को पूछताछ के लिए बुलाती है तो वे जांच में पूरा सहयोग करने के लिए तैयार हैं।

मीनाक्षी शिंदे ने कहा कि वह शिवसेना के मुख्य नेता एवं उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के साथ मजबूती से खड़ी हैं और उनके साथ काम कर रही हैं। उनका आरोप है कि इसी वजह से राजनीतिक स्वार्थ के चलते उन्हें इस मामले में घसीटने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि बिना किसी ठोस सबूत के उनके और उनके पति के खिलाफ बेबुनियाद आरोप लगाए जा रहे हैं। शिंदे ने कहा कि इस मामले में राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का स्तर नहीं गिराया जाना चाहिए।

आदित्य ठाकरे और संजय राऊत पर निशाना

मीनाक्षी शिंदे ने उद्धव ठाकरे गुट के नेता आदित्य ठाकरे और संजय राऊत पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक लाभ के लिए पूर्णेकर हत्याकांड को मुद्दा बनाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि मृतक के परिवार की भावनाओं को भड़काकर राजनीतिक रोटियां सेंकने का प्रयास नहीं किया जाना चाहिए।

संजय राऊत के बयान को लेकर सवाल उठाते हुए मीनाक्षी शिंदे ने कहा कि हाल ही में ठाणे में हुई पत्रकार वार्ता के दौरान आदित्य ठाकरे के मौजूद रहने के बावजूद राऊत ही लगातार बोल रहे थे। उन्होंने व्यंग्यात्मक अंदाज में सवाल किया कि क्या उन्हें रश्मि ठाकरे का खासमखास माना जाए?

पूर्णेकर परिवार को भड़काने का प्रयास न करें

मीनाक्षी शिंदे ने कहा कि उनके प्रभाग के प्रत्येक व्यक्ति से उनका व्यक्तिगत संपर्क रहा है। प्रदीप पूर्णेकर की हत्या को उन्होंने दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि स्थानीय जनप्रतिनिधि होने के नाते इस घटना से उन्हें भी दुख है।

उन्होंने आरोप लगाया कि इस घटना को राजनीतिक रंग देकर पूर्णेकर परिवार को भड़काने और राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने ऐसे प्रयासों को रोकने की अपील करते हुए कहा कि इस मामले में राजनीति का स्तर नहीं गिराया जाना चाहिए।

रिपोर्टर: तृप्ति प्रमाण

Share: