मुंबई। पत्रकारिता के क्षेत्र में विशेष योगदान के लिए वर्ष 2026 का अवार्ड जनसत्ता और हिन्दुस्तान अखबारों से जुड़े रहे वरिष्ठ पत्रकार नवीन कुमार को प्रदान किया गया। यह सम्मान अंजुमन बाशिन्दगान-ए-बिहार (मुंबई) की ओर से आयोजित एक भव्य समारोह में बिहार के ढाका (पूर्वी चम्पारण) विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के विधायक फैसल रहमान के हाथों प्रदान किया गया।
कुर्ला पश्चिम स्थित एएफ इंटरनेशनल होटल में 4 अक्तूबर, रविवार को आयोजित इस अवार्ड समारोह में समाज के अलग-अलग क्षेत्रों में योगदान देने वाली प्रमुख शख्सियतों को भी सम्मानित किया गया।
अंजुमन बाशिन्दगान-ए-बिहार (मुंबई) की ओर से करीब 50 प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को भी अवार्ड प्रदान किया गया। कुछ विद्यार्थियों को सर्टिफिकेट, स्मृति चिन्ह और बैग के साथ नकद राशि भी दी गई।
अंजुमन बाशिन्दगान-ए-बिहार की धारावी शाखा के अध्यक्ष अकील नय्यर शेख ने बताया कि यह सामाजिक संस्था 48 वर्ष पुरानी है। उन्होंने कहा कि सामाजिक कार्यों के साथ-साथ विद्यार्थियों को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से यह सम्मान दिया जाता है।
समारोह में विधायक फैसल रहमान के अलावा धारावी की कांग्रेस विधायक ज्योति गायकवाड, प्रधान आयकर आयुक्त रविशंकर श्रीवास्तव, कस्टम आयुक्त असलम हसन और बिहार फाउंडेशन के पदाधिकारी कैप्टन नलिन पांडेय ने भी विद्यार्थियों को अवार्ड प्रदान किए।
अपने संबोधनों में अतिथियों ने शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि समाज के हर बच्चे को शिक्षा हासिल करनी चाहिए। शिक्षा से ही तरक्की का रास्ता खुलता है। उन्होंने अभिभावकों से भी अपने बच्चों को शिक्षा दिलाने के लिए पहल करने की अपील की।




