विश्व एंटीमाइक्रोबियल जागरूकता सप्ताह के तहत चिकित्सकों ने एंटीबायोटिक दवाओं के विवेकपूर्ण उपयोग और संक्रमण नियंत्रण का दिया संदेश
जौनपुर : विश्व एंटीमाइक्रोबियल जागरूकता सप्ताह (18 से 24 नवंबर 2026) के अंतर्गत 21 नवंबर को उमानाथ सिंह स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, जौनपुर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय के प्रधानाचार्य प्रो. (डॉ.) आर.बी. कमल के दिशा-निर्देशन में माइक्रोबायोलॉजी विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. दीपिका शाव द्वारा किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए प्रधानाचार्य प्रो. (डॉ.) आर.बी. कमल ने कहा कि इसका उद्देश्य आमजन और स्वास्थ्यकर्मियों को एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस (AMR) के प्रति जागरूक करना तथा एंटीबायोटिक दवाओं के विवेकपूर्ण उपयोग का संदेश देना है।
उन्होंने बताया कि जब बैक्टीरिया, वायरस, फंगस और परजीवी जैसे सूक्ष्मजीवों में दवाओं के प्रति प्रतिरोधक क्षमता विकसित हो जाती है और दवाएं उन पर प्रभावी नहीं रहतीं, तो इस स्थिति को एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस कहा जाता है। एंटीबायोटिक दवाओं का गलत अथवा अनावश्यक उपयोग इस समस्या को बढ़ावा देता है। इसके कारण सामान्य संक्रमणों का उपचार भी कठिन हो सकता है।
AMR खतरनाक क्यों है?
कार्यक्रम में बताया गया कि रोगाणुरोधी प्रतिरोध के कारण सामान्य संक्रमणों का इलाज मुश्किल हो सकता है। प्रभावी एंटीबायोटिक दवाओं के विकल्प कम हो जाते हैं और अस्पताल में भर्ती रहने तथा उपचार की अवधि बढ़ सकती है। इससे स्वास्थ्य देखभाल पर होने वाला खर्च भी बढ़ता है। गंभीर संक्रमणों और मृत्यु का खतरा भी बढ़ सकता है।
बचाव के लिए दिए गए सुझाव
कार्यक्रम के दौरान लोगों को सलाह दी गई कि बिना डॉक्टर की सलाह के एंटीबायोटिक दवाओं का सेवन न करें और चिकित्सक द्वारा बताई गई खुराक तथा अवधि का पालन करें। नियमित रूप से हाथ धोने, टीकाकरण कराने और कल्चर एवं एंटीबायोटिक सेंसिटिविटी टेस्ट को महत्व देने पर भी जोर दिया गया।
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक प्रो. (डॉ.) ए.ए. जाफरी ने अपने संबोधन में कहा कि AMR आज विश्वभर में एक गंभीर स्वास्थ्य चुनौती बन चुका है। एंटीबायोटिक दवाओं का अनावश्यक एवं अनुचित उपयोग इसके प्रमुख कारणों में से एक है।
उन्होंने कहा कि एंटीबायोटिक दवाओं का उपयोग केवल चिकित्सकीय आवश्यकता और निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार किया जाना चाहिए। सभी विभागाध्यक्षों और चिकित्सकों को अपने-अपने विभागों में एंटीबायोटिक के विवेकपूर्ण उपयोग, कल्चर एवं सेंसिटिविटी जांच तथा संक्रमण नियंत्रण पर विशेष ध्यान देना चाहिए।
उन्होंने यह भी कहा कि एंटीबायोटिक दवाओं की प्रभावशीलता भविष्य की पीढ़ियों के लिए बनाए रखना जरूरी है और AMR को रोकने के लिए सभी चिकित्सा कर्मियों का सामूहिक सहयोग आवश्यक है।
इस अवसर पर डॉ. जितेन्द्र कुमार, डॉ. चन्द्रभान, डॉ. विनोद वर्मा, डॉ. हमजा अंसारी, डॉ. अनिल कुमार, डॉ. प्रियंका सिंह, डॉ. प्रतिभा सिंह, डॉ. पंकज कुमार, डॉ. अन्नपूर्णना, डॉ. सौरभ, डॉ. जयेश सहित अन्य चिकित्सक और कर्मचारी उपस्थित रहे।
संवाददाता: शम्भू विश्वकर्मा


