महिला जागरूकता और गरीबों की मदद के लिए जीवनभर रहीं समर्पित
जौनपुर। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के मोकलपुर निवासी समाजसेविका सुखराजी देवी का 92 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उनके निधन की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। महिला जागरूकता, महिलाओं के उत्थान और गरीबों व असहाय लोगों की मदद के लिए किए गए उनके प्रयासों को क्षेत्र के लोग याद कर रहे हैं।
सुखराजी देवी, स्वर्गीय जसई की पत्नी थीं। वह हमेशा गरीबों, असहायों और जरूरतमंदों की सहायता के लिए तत्पर रहती थीं। लोगों के सुख-दुख में सहभागी बनना और जरूरतमंद परिवारों की मदद करना उनके स्वभाव का हिस्सा था। महिलाओं को जागरूक करने तथा उनके हितों के लिए किए गए उनके प्रयासों के चलते क्षेत्र में उन्हें विशेष सम्मान प्राप्त था।
उनके निधन से परिवार सहित पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। निधन की सूचना मिलने के बाद बड़ी संख्या में लोग उनके आवास पर पहुंचे और शोक संवेदना व्यक्त करते हुए शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया।
सुखराजी देवी, महेंद्र यादव, राजमणि यादव, राजेंद्र, सुभाषचंद यादव और विनोद यादव की माता थीं। उनका अंतिम संस्कार वाराणसी के मणिकर्णिका घाट पर किया गया।
उनके मझले पुत्र सुभाष चंद्र यादव, जो कतर में प्रोजेक्ट मैनेजर हैं, ने बताया कि उनकी माता हमेशा असहाय लोगों की मदद के लिए खड़ी रहती थीं। महिलाओं के हितों से उनका विशेष जुड़ाव था।
समाजसेवा और जरूरतमंदों की सहायता के प्रति सुखराजी देवी का समर्पण क्षेत्र के लोगों के बीच लंबे समय तक याद किया जाएगा।
संवाददाता: शम्भू विश्वकर्मा




