विरार, पालघर: विरार के ग्लोबल सिटी स्थित एम-वेन्यू इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर शनिवार सुबह भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग सुबह करीब 5 बजे लगी। इसकी चपेट में आने से 7 से 8 दुकानों के गाले जलकर खाक हो गए और उनमें रखा सामान बड़े पैमाने पर नष्ट हो गया।
जानकारी के अनुसार, घटना के समय सभी दुकानें बंद थीं। आग तेजी से फैलने के कारण कई दुकानें इसकी चपेट में आ गईं। आग लगने की सूचना मिलते ही वसई-विरार शहर महानगरपालिका के अग्निशमन दल की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।
दमकल कर्मियों ने करीब दो से ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग की तीव्रता को देखते हुए दमकल दल ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने के लिए लगातार प्रयास किए।
प्राथमिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, आग लगने का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है। अग्निशमन विभाग और संबंधित अधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं।
फिलहाल इस घटना में दुकानों को हुए नुकसान का सटीक आकलन सामने नहीं आया है। आग के कारण और नुकसान की आधिकारिक जानकारी जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट हो सकेगी।




