महात्मा फुले महामंडल की कर्ज योजनाओं के लाभार्थियों का होगा विशेष सर्वेक्षण, आर्थिक-सामाजिक प्रगति का लिया जाएगा जायजा |

Share:

पालघर : महाराष्ट्र के महात्मा फुले पिछड़ा वर्ग विकास महामंडल की विभिन्न ऋण योजनाओं का लाभ लेने वाले लाभार्थियों की आर्थिक एवं सामाजिक प्रगति का आकलन करने के लिए राज्यभर में विशेष सर्वेक्षण अभियान चलाया जाएगा। इस सर्वेक्षण के माध्यम से यह जानकारी जुटाई जाएगी कि लाभार्थियों ने ऋण का उपयोग किस व्यवसाय में किया, उनके व्यवसाय की वर्तमान स्थिति क्या है और उनकी आय तथा रोजगार में कितना बदलाव आया है।

10 जुलाई 1978 को स्थापित महामंडल का उद्देश्य पिछड़े वर्गों का सामाजिक एवं आर्थिक उत्थान करना, स्वरोजगार को बढ़ावा देना और व्यवसाय शुरू करने के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना है। इसी उद्देश्य से संचालित योजनाओं के प्रभाव का मूल्यांकन करने के लिए राज्य के सभी जिलों में पायलट परियोजना के तहत सर्वेक्षण किया जाएगा।

सामान्य प्रशासन विभाग के 13 मार्च 2026 के शासन निर्णय के अनुसार, एम/एस प्रीमूव्ह इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कंसल्टेंट्स प्राइवेट लिमिटेड को तकनीकी सहायता संस्था नियुक्त किया गया है। इस संस्था के अधिकृत प्रतिनिधि लाभार्थियों से सीधे संपर्क करेंगे और उनसे व्यवसाय की प्रगति, रोजगार सृजन, आय में बदलाव, व्यावसायिक समस्याओं तथा ऋण भुगतान की स्थिति से संबंधित जानकारी प्राप्त करेंगे।

लाभार्थियों से सहयोग की अपील

महामंडल की पालघर जिला प्रबंधक श्रीमती आर. पी. पेडणेकर ने पालघर सहित राज्यभर के सभी संबंधित लाभार्थियों से सर्वेक्षण के लिए आने वाले अधिकृत प्रतिनिधियों को आवश्यक जानकारी देकर सहयोग करने की अपील की है।

इस सर्वेक्षण से प्राप्त निष्कर्षों के आधार पर महामंडल की ऋण योजनाओं की प्रभावशीलता का आकलन किया जा सकेगा। साथ ही, योजनाओं को अधिक उपयोगी बनाने और भविष्य की नीतियों के बेहतर नियोजन में भी मदद मिलने की उम्मीद है।

Share: