मीरा-भाईंदर में बस किराया बढ़ाने की तैयारी, साधारण बसों का सफर महंगा तो एसी बसों में मिलेगी राहत?

Share:

भाईंदर | संवाददाता: तृप्ति प्रमाण

मीरा-भाईंदर में महानगरपालिका की बसों से सफर करने वाले यात्रियों के लिए किराये में बदलाव की तैयारी की जा रही है। महानगरपालिका प्रशासन ने साधारण बसों के किराये में बढ़ोतरी और वातानुकूलित (एसी) बसों के किराये में कटौती का प्रस्ताव तैयार किया है। इन प्रस्तावों को मंजूरी के लिए महासभा के समक्ष रखा जाएगा। हालांकि, किराये में बदलाव पर अंतिम फैसला महासभा की मंजूरी के बाद ही होगा।

प्रशासन के अनुसार, पिछले कुछ वर्षों में डीजल, ईंधन और बसों की देखभाल व मरम्मत पर होने वाला खर्च बढ़ा है। इसके बावजूद लंबे समय से बस किराये में बदलाव नहीं किया गया था। परिवहन सेवा की आर्थिक स्थिति को ध्यान में रखते हुए किराया दरों में संशोधन प्रस्तावित किया गया है।

साधारण बसों का किराया बढ़ाने का प्रस्ताव

मीरा-भाईंदर महानगरपालिका की परिवहन सेवा में फिलहाल 74 डीजल और 57 इलेक्ट्रिक बसें हैं। इनके माध्यम से शहर के अलावा ठाणे और मुंबई तक यात्रियों को परिवहन सुविधा उपलब्ध कराई जाती है।

साधारण बसों का किराया वर्ष 2013 में निर्धारित किया गया था, जबकि एसी बसों की किराया दरें वर्ष 2016 में तय हुई थीं।

प्रस्ताव के अनुसार, साधारण बस में 2 किलोमीटर तक का किराया 6 रुपये से बढ़ाकर 8 रुपये किया जा सकता है। वहीं, 10 से 12 किलोमीटर की यात्रा के लिए किराया 17 रुपये से बढ़ाकर 18 रुपये करने का प्रस्ताव है।

इसी तरह, 28 से 30 किलोमीटर की यात्रा का किराया 26 रुपये से बढ़ाकर 36 रुपये और 38 से 40 किलोमीटर की यात्रा का किराया 32 रुपये से बढ़ाकर 46 रुपये करने की योजना है।

एसी बसों के किराये में कटौती की तैयारी

दूसरी ओर, एसी बसों का किराया अन्य परिवहन सेवाओं की तुलना में अधिक होने के कारण यात्रियों का अपेक्षित प्रतिसाद नहीं मिल रहा है। इसे देखते हुए प्रशासन ने एसी बसों के किराये में कटौती का प्रस्ताव तैयार किया है।

प्रस्ताव के मुताबिक, 2 किलोमीटर तक का किराया 20 रुपये से घटाकर 15 रुपये किया जा सकता है। 10 से 12 किलोमीटर की यात्रा का किराया 50 रुपये से घटाकर 25 रुपये और 18 से 20 किलोमीटर का किराया 60 रुपये से घटाकर 35 रुपये करने की योजना है।

वहीं, 38 से 40 किलोमीटर की यात्रा के लिए एसी बस का किराया 100 रुपये से घटाकर 65 रुपये करने का प्रस्ताव है। इन बदलावों का उद्देश्य एसी बसों की ओर अधिक यात्रियों को आकर्षित करना बताया गया है।

बसों के बार-बार खराब होने की शिकायतें

पिछले कुछ महीनों से महानगरपालिका की परिवहन सेवा में बसों के बार-बार खराब होने की शिकायतें सामने आ रही हैं। इसके कारण यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में साधारण बसों का किराया बढ़ाने के प्रस्ताव को लेकर यात्रियों की चिंता बढ़ सकती है।

इससे पहले वर्ष 2022 में भी किराया वृद्धि का प्रस्ताव महासभा ने खारिज कर दिया था। अब नए सिरे से गठित महासभा के समक्ष प्रस्ताव रखे जाने के बाद इस पर क्या निर्णय लिया जाता है, इस पर यात्रियों की नजर रहेगी।

साधारण बसों का प्रस्तावित किराया

दूरीमौजूदा किरायाप्रस्तावित किराया
0–2 किमी₹6₹8
10–12 किमी₹17₹18
28–30 किमी₹26₹36
38–40 किमी₹32₹46

एसी बसों का प्रस्तावित किराया

दूरीमौजूदा किरायाप्रस्तावित किराया
0–2 किमी₹20₹15
10–12 किमी₹50₹25
18–20 किमी₹60₹35
38–40 किमी₹100₹65

ध्यान दें: ये किराया दरें फिलहाल प्रस्तावित हैं। महानगरपालिका की महासभा से मंजूरी मिलने के बाद ही अंतिम दरें और उनके लागू होने की स्थिति स्पष्ट होगी।

Share: