भाजपा के दिवाली स्नेह मिलन एवं कार्यकर्ता सम्मेलन में विधायक ने गिनाईं विकास योजनाएं, पेयजल संकट जल्द दूर होने का जताया भरोसा
मीरा-भाईंदर : भाजपा की ओर से रविवार को सेवन इलेवन एकेडमी स्कूल मैदान में दिवाली स्नेह मिलन एवं कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विधायक नरेंद्र मेहता ने शहरवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मेट्रो, सूर्या जलापूर्ति परियोजना, सीमेंट सड़कें और फ्लाईओवर जैसी महत्वपूर्ण विकास योजनाओं से मीरा-भाईंदर की तस्वीर बदलने वाली है। उन्होंने भरोसा जताया कि आने वाले समय में शहर की पेयजल समस्या का भी स्थायी समाधान होगा।
विधायक नरेंद्र मेहता ने दूसरी बार उन्हें विधायक चुनने और महानगरपालिका चुनाव में भाजपा को ऐतिहासिक जीत दिलाने के लिए जनता का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और संगठन की ताकत के दम पर पार्टी ने ’70 पार’ का लक्ष्य हासिल किया है। विरोधियों पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि जनता ने मतदान के माध्यम से अपना फैसला सुना दिया है। अब आरोप-प्रत्यारोप करने के बजाय नवनिर्वाचित नगरसेवकों को जनता के विश्वास पर खरा उतरना चाहिए।
विकास परियोजनाओं का किया उल्लेख
नरेंद्र मेहता ने बताया कि 30 नवंबर 2014 को भाजपा शासनकाल में 75 एमएलडी पानी की मंजूरी मिली थी। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के सहयोग से मेट्रो, फ्लाईओवर और अन्य विकास परियोजनाओं को गति मिली। उन्होंने कहा कि रजिस्ट्रार, राशन और तहसील कार्यालय जैसी सुविधाएं भी भाजपा के प्रयासों से उपलब्ध हुईं।
इस दौरान उन्होंने परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक का नाम लिए बिना शहर के विकास में उनके योगदान पर सवाल उठाए।
कार्यकर्ता सम्मेलन में कई पदाधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में महापौर डिंपल मेहता, उपमहापौर ध्रुवकिशोर पाटिल, स्थायी समिति सभापति हसमुख गहलोत, जिला अध्यक्ष दिलीप जैन, वैशाली भोईर, रणवीर बाजपेयी सहित नगरसेवक, भाजपा पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


