नालासोपारा में आधी रात को इमारत का स्लैब गिरा, चार वर्षीय बच्चे समेत परिवार की बची जान |

Share:

समेलपाड़ा की सिद्धाई इमारत में तीन महीने के भीतर दूसरी बड़ी दुर्घटना; बहुजन विकास आघाड़ी ने निष्पक्ष जांच और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की

नालासोपारा | रिपोर्ट: ब्यूरो चीफ राजेश कोरी

नालासोपारा के समेलपाड़ा इलाके में स्थित सिद्धाई इमारत में गुरुवार रात करीब 2 बजे स्लैब का एक हिस्सा गिरने से हड़कंप मच गया। हादसे के समय कांबले परिवार अपने घर में सो रहा था। अचानक हुए इस हादसे में परिवार का चार वर्षीय बच्चा और अन्य सदस्य बाल-बाल बच गए। राहत की बात यह रही कि किसी की जान नहीं गई।

घटना के बाद इमारत में रहने वाले लोगों के बीच दहशत का माहौल है। बताया जा रहा है कि पिछले तीन महीनों के भीतर सिद्धाई इमारत में दो बड़ी दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। लगातार हो रही घटनाओं के कारण इमारत की मजबूती और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

पीड़ित कांबले परिवार से मिले जनप्रतिनिधि

हादसे की जानकारी मिलने के बाद बहुजन विकास आघाड़ी के नगरसेवक अतुल सालुंखे, पूर्व नगरसेवक किशोर पाटील और पार्टी के अन्य पदाधिकारियों ने घटनास्थल का दौरा किया। उन्होंने प्रभावित कांबले परिवार से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली।

निष्पक्ष जांच और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग

बहुजन विकास आघाड़ी के जनप्रतिनिधियों ने हादसे की निष्पक्ष और विस्तृत जांच कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि इमारत की सुरक्षा के प्रति लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।

लगातार हो रही दुर्घटनाओं को देखते हुए इमारत की सुरक्षा व्यवस्था और उसकी संरचनात्मक मजबूती की जांच कराना जरूरी बताया गया, ताकि किसी संभावित खतरे का समय रहते पता लगाया जा सके।

कई पदाधिकारी रहे मौजूद

इस दौरान परिवहन समिति सदस्य नवनाथ पगारे, युवा विकास आघाड़ी अध्यक्ष नवीन वाघचौड़े, नागेश बोबडे, अभिषेक हाटकर, राजेंद्र खुळे, रोहन डिसूजा, रोहित डिसूजा, सविता कांबले और रुचिता नाईक सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

अब स्थानीय निवासियों को प्रशासन की ओर से सुरक्षा संबंधी जांच और आवश्यक कदम उठाए जाने का इंतजार है। निवासियों की चिंता है कि समय रहते उचित कार्रवाई हो, ताकि भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं को रोका जा सके।

रिपोर्ट: ब्यूरो चीफ राजेश कोरी

Share: