सीताराम बाप्पा मार्केट में आधी रात को मीटर बॉक्स में लगी आग; दमकलकर्मियों ने 10 से 15 मिनट में पाया काबू, कोई जनहानि नहीं
नालासोपारा। वसई-विरार शहर में आग लगने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। नालासोपारा की इम्पीरियल हेरिटेज इमारत में आग की घटना के बाद अब नालासोपारा पूर्व के सीताराम बाप्पा मार्केट परिसर स्थित आकांक्षा टावर की सी-विंग में आग लगने का मामला सामने आया है। मंगलवार की मध्यरात्रि करीब 12:30 बजे हुई इस घटना में समय रहते आग पर काबू पा लिया गया। किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
भूतल के मीटर बॉक्स में लगी आग
जानकारी के अनुसार, आकांक्षा टावर की सी-विंग के भूतल पर लगे मीटर बॉक्स में अचानक आग लग गई। आग देखते ही परिसर में अफरा-तफरी मच गई और रहिवासियों में दहशत फैल गई। सूचना मिलने पर वसई-विरार महानगरपालिका के अग्निशमन दल के जवान मौके पर पहुंचे।
बिजली आपूर्ति बंद कराने के बाद शुरू हुआ अग्निशमन अभियान
बताया गया है कि मीटर बॉक्स में आग लगने के समय बिजली आपूर्ति चालू थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए रहिवासियों ने महावितरण से संपर्क किया और बिजली आपूर्ति बंद कराई।
बिजली आपूर्ति बंद होने की पुष्टि के बाद दमकलकर्मियों ने दो होज लाइनों की मदद से पानी का छिड़काव शुरू किया। करीब 10 से 15 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।
मीटर बॉक्स की केबिन जलकर खाक
सीताराम बाप्पा मार्केट परिसर में आमतौर पर नागरिकों और यात्रियों की काफी आवाजाही रहती है। घटना मध्यरात्रि में होने और दमकलकर्मियों द्वारा समय रहते आग पर काबू पाने से बड़ा हादसा टल गया। हालांकि, भूतल पर स्थित मीटर बॉक्स की केबिन पूरी तरह जलकर खाक हो गई।
प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट हो सकती है। आग के वास्तविक कारण की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
नालासोपारा और वसई-विरार में लगातार सामने आ रही आग की घटनाओं के बीच बिजली उपकरणों की सुरक्षा और अग्नि सुरक्षा व्यवस्था पर ध्यान देने की जरूरत फिर सामने आई है।
रिपोर्ट: तृप्ति प्रमाण




