सब-जूनियर बालिका फुटबॉल चैंपियनशिप: वाराणसी, विद्यांचल, आजमगढ़ और प्रयागराज सेमीफाइनल में |

Share:

क्वार्टर फाइनल में वाराणसी और विद्यांचल की 2-0 से जीत, टाईब्रेकर में आजमगढ़ ने लखनऊ को हराया; प्रयागराज ने आगरा को 7-0 से दी शिकस्त

जौनपुर | संवाददाता: शम्भू विश्वकर्मा

जौनपुर के सिद्धिकपुर स्थित इंदिरा गांधी स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित प्रदेश स्तरीय सब-जूनियर बालिका फुटबॉल चैंपियनशिप के छठवें दिन क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। दिन के चारों मुकाबलों के बाद वाराणसी, विद्यांचल, आजमगढ़ और प्रयागराज मंडल की टीमों ने जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में जगह बना ली।

खेल निदेशालय, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशन में जिला खेल कार्यालय जौनपुर एवं जिला प्रशासन के तत्वावधान में 24 से 31 अक्टूबर तक आयोजित इस प्रतियोगिता में विभिन्न मंडलों की टीमों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिले।

वाराणसी ने अलीगढ़ को 2-0 से हराया

जिला क्रीड़ा अधिकारी के अनुसार, गुरुवार को सुबह के सत्र में पहला क्वार्टर फाइनल मुकाबला अलीगढ़ और वाराणसी मंडल के बीच खेला गया। वाराणसी की टीम ने बेहतर तालमेल और दमदार खेल का प्रदर्शन करते हुए अलीगढ़ को 2-0 से पराजित किया। इस जीत के साथ वाराणसी मंडल ने सेमीफाइनल में प्रवेश किया।

विद्यांचल ने मेरठ को दी शिकस्त

दूसरे क्वार्टर फाइनल में विद्यांचल और मेरठ मंडल की टीमें आमने-सामने थीं। दोनों टीमों ने जीत के लिए पूरा जोर लगाया, लेकिन विद्यांचल मंडल ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए मेरठ को 2-0 से हरा दिया। इस जीत के साथ विद्यांचल की टीम ने भी सेमीफाइनल में अपना स्थान पक्का कर लिया।

टाईब्रेकर में आजमगढ़ ने लखनऊ को हराया

तीसरा क्वार्टर फाइनल आजमगढ़ और लखनऊ मंडल के बीच खेला गया। निर्धारित खेल के दौरान दोनों टीमें कोई गोल नहीं कर सकीं और मुकाबला गोलरहित बराबरी पर समाप्त हुआ।

इसके बाद टाईब्रेकर का सहारा लिया गया। इसमें आजमगढ़ मंडल की खिलाड़ियों ने सटीक निशाने लगाते हुए 3-2 से जीत हासिल की और सेमीफाइनल में प्रवेश किया।

प्रयागराज ने आगरा को 7-0 से हराया

दिन के चौथे और अंतिम क्वार्टर फाइनल मुकाबले में प्रयागराज मंडल की टीम ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया। बेहतरीन तालमेल और गोल करने की क्षमता के दम पर प्रयागराज ने आगरा मंडल को 7-0 से पराजित कर दिया। इस बड़ी जीत के साथ प्रयागराज की टीम ने भी सेमीफाइनल का टिकट हासिल कर लिया।

30 अक्टूबर को सेमीफाइनल, 31 अक्टूबर को फाइनल

चारों क्वार्टर फाइनल मुकाबले समाप्त होने के बाद अब प्रतियोगिता का रोमांच और बढ़ गया है। 30 अक्टूबर को सेमीफाइनल मुकाबले खेले जाएंगे, जबकि 31 अक्टूबर को फाइनल के साथ प्रदेश स्तरीय चैंपियनशिप का समापन होगा।

वाराणसी, विद्यांचल, आजमगढ़ और प्रयागराज मंडल की टीमें अब फाइनल में जगह बनाने के इरादे से मैदान में उतरेंगी।

Share: