विधायक निधि से निर्मित तीन लाख रुपये की लागत वाले कक्ष का हुआ लोकार्पण, बाल मेले में प्रतिभाग करने वाले विद्यार्थियों को अतिथियों ने किया सम्मानित
जौनपुर | रिपोर्ट: शम्भू विश्वकर्मा
बच्चों की प्रतिभा को मंच देने और उन्हें बेहतर शैक्षणिक माहौल उपलब्ध कराने की दिशा में पतहना स्थित ज्ञानस्थली अकैडमी में एक और कक्ष की सुविधा जुड़ गई। शनिवार को एमएलसी बृजेश सिंह प्रिंशू ने विधायक निधि से तीन लाख रुपये की लागत से निर्मित नवनिर्मित कक्ष का लोकार्पण किया। इस अवसर पर बाल दिवस के मौके पर आयोजित बाल मेले में अपनी प्रतिभा दिखाने वाले एलकेजी से कक्षा आठ तक के विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साह बढ़ाया गया।
जुनून, लगन और समर्पण से मिलती है सफलता
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बृजेश सिंह प्रिंशू ने विद्यालय की प्रगति का उदाहरण देते हुए कहा कि किसी भी संस्थान को आगे बढ़ाने के लिए संसाधनों से ज्यादा जरूरी जुनून, लगन और समर्पण होता है। ज्ञानस्थली अकैडमी की शुरुआत शून्य से हुई थी, लेकिन निरंतर प्रयासों ने इसे आज एक अलग पहचान दिलाई है।
उन्होंने कहा कि मन में कुछ बेहतर करने का संकल्प हो तो कोई भी व्यक्ति या संस्थान शून्य से शिखर तक पहुंच सकता है। विद्यार्थियों को भी अपने जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर उसे प्राप्त करने के लिए लगातार प्रयास करना चाहिए।
पढ़ाई के साथ अनुशासन और निरंतर अभ्यास जरूरी
विशिष्ट अतिथि करंजाकला ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि सुनील यादव मम्मन ने बच्चों को सफलता का मंत्र देते हुए कहा कि पढ़ाई केवल समय बिताने का माध्यम नहीं, बल्कि अपनी क्षमताओं को पहचानने और उन्हें बेहतर बनाने का अवसर है।
उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि उन्हें हर दिन खुद से सवाल करना चाहिए कि वे अपनी क्षमता के अनुसार कितना बेहतर कर सकते हैं। निरंतर अभ्यास, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण से ही सफलता हासिल होती है।
बाल मेले में प्रतिभा दिखाने वाले विद्यार्थी सम्मानित
बाल मेले में शामिल विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए अतिथियों ने कहा कि बच्चों की छोटी-छोटी उपलब्धियां ही भविष्य की बड़ी सफलताओं का आधार बनती हैं। उनकी प्रतिभा को उचित मंच और मार्गदर्शन मिले तो वे आगे चलकर बेहतर मुकाम हासिल कर सकते हैं। अतिथियों ने बच्चों को हरसंभव सहयोग का भरोसा भी दिलाया।
इस अवसर पर करंजाकला मंडल अध्यक्ष प्रशांत सिंह दीपक, भाजपा नेता रविंद्र मिश्रा, वानर सेना प्रदेश अध्यक्ष शरद सिंह, विद्यालय प्रबंधक वीरेंद्र सिंह, प्रधानाचार्य अतुल सिंह अनुज सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
शम्भू विश्वकर्मा | तृप्ति प्रमाण


