मंत्रालय के सामने स्थित आवास से उठे धुएं के घने गुबार, मुंबई अग्निशमन दल ने मौके पर पहुंचकर संभाला मोर्चा; किसी के घायल होने की खबर नहीं
मुंबई | तृप्ति प्रमाण
महाराष्ट्र के वनमंत्री गणेश नाईक के सरकारी आवास में बुधवार सुबह अचानक आग लगने से प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया। मंत्रालय के सामने स्थित उनके सरकारी बंगले ‘पावनगढ़’ में सुबह करीब 11:30 बजे आग लगने की घटना सामने आई। देखते ही देखते बंगले से धुएं के घने गुबार निकलने लगे, जिससे आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही मुंबई अग्निशमन दल की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह विद्युत व्यवस्था में खराबी होने की आशंका जताई गई है। बताया जा रहा है कि बंगले की एयर कंडीशनिंग (AC) प्रणाली में तकनीकी खराबी भी इसकी संभावित वजह हो सकती है।
अग्निशमन दल ने मौके पर पहुंचकर संभाला मोर्चा
अग्निशमन दल के अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है। हालांकि, बंगले के परिसर में काफी देर तक धुएं का गुबार छाया रहा।
सरकारी भवनों की अग्नि सुरक्षा पर उठे सवाल
गौरतलब है कि मुंबई में पिछले कुछ दिनों से आग लगने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। ऐसे में मंत्रालय के ठीक सामने स्थित एक मंत्री के सरकारी आवास में आग लगने की घटना ने सरकारी भवनों की विद्युत व्यवस्था और अग्नि सुरक्षा इंतजामों पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारण की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।


