पत्नी समेत तीन लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज, दो आरोपी गिरफ्तार
नालासोपारा। नालासोपारा पूर्व के प्रगति नगर इलाके में कथित अवैध संबंधों को लेकर हुए विवाद में 40 वर्षीय व्यक्ति की हत्या का मामला सामने आया है। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है। तुलिंज पुलिस ने मृतक की पत्नी समेत तीन लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान समीर समशुलहक शेख (40) के रूप में हुई है। वह प्रगति नगर स्थित साई गुरु कृपा अपार्टमेंट में रहता था। बताया गया है कि उसकी पत्नी रेहाना के मोहम्मद आसिफ इस्माइल साकी (46) और मोहम्मद शारिक इस्माइल साकी (40) के साथ कथित संबंधों को लेकर विवाद चल रहा था।
सड़क पर मारपीट के दौरान हत्या का आरोप
पुलिस के मुताबिक, शनिवार दोपहर करीब 3 बजे साई सिद्धि और साई पैलेस इमारतों के बीच सड़क पर समीर के साथ दोनों आरोपियों ने कथित तौर पर मारपीट की। आरोप है कि इसी दौरान मोहम्मद आसिफ ने समीर का गला दबा दिया। गंभीर रूप से घायल समीर की मौके पर ही मौत हो गई।
दो आरोपी गिरफ्तार, पत्नी भी मामले में आरोपी
तुलिंज पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1), 54 और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने 15 नवंबर की मध्यरात्रि करीब 12:17 बजे मोहम्मद आसिफ और मोहम्मद शारिक को गिरफ्तार किया। मृतक की पत्नी रेहाना को भी इस मामले में आरोपी बनाया गया है।
फिलहाल पुलिस घटना के पीछे की परिस्थितियों और मामले में सभी आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।
रिपोर्ट: तृप्ति प्रमाण


