फूलपाड़ा डैम पर छठ महापर्व की धूम, 50 हजार श्रद्धालुओं ने सूर्यदेव को दिया अर्घ्य |

Share:

करीब 1000 व्रतधारियों ने पानी में खड़े होकर की पूजा, दीपों की रोशनी और छठ गीतों से भक्तिमय हुआ परिसर; सामाजिक संगठनों ने लगाए सेवा शिविर

विरार। विरार पूर्व स्थित फूलपाड़ा डैम पर छठ महापर्व बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर करीब 50 हजार श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है। लगभग 1000 व्रतधारियों ने डैम के पानी में खड़े होकर सूर्यदेव की आराधना की, जबकि करीब 2000 श्रद्धालुओं ने अर्घ्य अर्पित किया। दीपों की रोशनी और छठ गीतों से पूरा परिसर भक्तिमय हो उठा।

एक महीने पहले से शुरू हुई थीं तैयारियां

आयोजन की तैयारियां करीब एक महीने पहले शुरू हो गई थीं। प्रभाग क्रमांक 7 के बहुजन विकास आघाड़ी के नगरसेवकों मीनू धनंजय झा, निशाद चोरघे, प्रशांत राउत और प्रतिभा पाटील के प्रयासों से साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइट, सड़क और सीढ़ियों की व्यवस्था की गई।

समाजसेवक धनंजय झा की ओर से भक्ति संगीत का आयोजन भी किया गया। कार्यक्रम में पूर्व विधायक हितेंद्र ठाकुर, क्षितिज ठाकुर और महापौर अजीव पाटील सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

मराठी महिला ने भी रखा छठ व्रत

इस बार रामचंद्र नगर निवासी मराठी महिला विद्या कुंडलकर ने भी छठ व्रत रखकर सामाजिक एकता की मिसाल पेश की। उनकी सहभागिता ने पर्व के सांस्कृतिक और सामाजिक जुड़ाव को एक विशेष संदेश दिया।

आयोजन से जुड़ी जानकारी के अनुसार, शनिवार को नहाय-खाय और रविवार को खरना के बाद व्रतियों ने 36 घंटे का निर्जला व्रत रखा। सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर व्रत पूर्ण किया गया।

सामाजिक संगठनों ने लगाए सेवा शिविर

छठ महापर्व के अवसर पर जनशक्ति सेवा संघ, लोकशक्ति दहेज मुक्त भारत सेवा संघ और जय मिथिला भारतम तीर्थ दर्शनम मुंबई सहित विभिन्न संगठनों ने श्रद्धालुओं के लिए पानी, शरबत और सहायता शिविर लगाए।

भाजपा की ओर से मेडिकल कैंप और सुरक्षा सहायता भी उपलब्ध कराई गई। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था संभाली।

पुलिस और मनपा की रही व्यवस्था

पुलिस उपायुक्त शशिकांत बोराटे, एसीपी तानाजी बर्डे और वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक एल.एम. तुरे की निगरानी में सुरक्षा व्यवस्था संभाली गई।

वहीं, महानगरपालिका की ओर से स्वच्छता की व्यवस्था की गई और श्रद्धालुओं से जलस्रोत को स्वच्छ बनाए रखने की अपील की गई।

फूलपाड़ा डैम पर छठ महापर्व के इस आयोजन में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ ने एक बार फिर वसई-विरार क्षेत्र में छठ पूजा की बढ़ती लोकप्रियता और सामाजिक एकता की भावना को प्रदर्शित किया।

रिपोर्ट: तृप्ति प्रमाण

Share: