श्रीरामनगर रामलीला के तीसरे दिन विश्वामित्र के साथ जनकपुर पहुंचे प्रभु श्रीराम और लक्ष्मण, माता गौरी ने सीता को दिया मनचाहा वर मिलने का आशीर्वाद
नालासोपारा। श्रीरामनगर रामलीला मंडल की ओर से आयोजित 25वें वर्ष की रामलीला के तीसरे दिन शनिवार को भगवान श्रीराम के अहिल्या उद्धार से लेकर जनकपुर आगमन और माता सीता से प्रथम मिलन तक की लीलाओं का भव्य एवं भावपूर्ण मंचन किया गया। कलाकारों की शानदार प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं को रामायण के प्रसंगों से जोड़ दिया। पूरे आयोजन स्थल पर जय श्रीराम के जयकारे गूंजते रहे।
भगवान श्रीराम ने किया अहिल्या का उद्धार
लीला का आरंभ महर्षि विश्वामित्र के साथ भगवान श्रीराम और लक्ष्मण के जनकपुर प्रस्थान से हुआ। रास्ते में एक सुनसान आश्रम दिखाई दिया, जहां पत्थर की शिला देखकर श्रीराम ने उसके बारे में पूछा। इस पर महर्षि विश्वामित्र ने गौतम ऋषि की पत्नी अहिल्या की कथा सुनाई।
विश्वामित्र ने बताया कि ऋषि के श्राप के कारण अहिल्या शिला रूप में जीवन व्यतीत कर रही हैं और प्रभु श्रीराम के चरणों की धूल से उद्धार की प्रतीक्षा कर रही हैं। इसके बाद भगवान श्रीराम के चरण स्पर्श से अहिल्या को श्राप से मुक्ति मिली। प्रभु के दर्शन होते ही अहिल्या भावविभोर हो गईं और उनके चरणों में नतमस्तक होकर अपनी कृतज्ञता प्रकट की। इस प्रसंग ने दर्शकों को भावुक कर दिया।
जनकपुर की सुंदरता देखकर आनंदित हुए राम और लक्ष्मण
अहिल्या उद्धार के बाद गंगा स्नान कर महर्षि विश्वामित्र दोनों भाइयों को लेकर जनकपुर पहुंचे। नगर की सुंदरता, स्वच्छ सरोवरों, कुओं, बगीचों, बाजारों, सुंदर गलियों और प्राकृतिक वातावरण को देखकर श्रीराम और लक्ष्मण आनंदित हुए।
महर्षि विश्वामित्र ने एक आम के बगीचे में अपना पड़ाव बनाया। इसकी सूचना मिलते ही मिथिला नरेश राजा जनक उनसे मिलने के लिए उत्सुक हो उठे।
वाटिका में राम-सीता का प्रथम मिलन बना आकर्षण
रामलीला का सबसे आकर्षक और भावपूर्ण प्रसंग उस समय देखने को मिला, जब वाटिका में माता सीता और भगवान श्रीराम का प्रथम मिलन हुआ। दोनों एक-दूसरे को एकटक निहारते रहे। माता सीता ने मन ही मन प्रभु श्रीराम को अपना आराध्य और भावी जीवनसाथी मान लिया।
हालांकि, पिता राजा जनक द्वारा आयोजित धनुष यज्ञ की प्रतिज्ञा को लेकर उनके मन में चिंता भी थी। इसके बाद माता सीता ने मनचाहा वर प्राप्त करने के लिए मां गौरी की पूजा-अर्चना की। उनकी भक्ति से प्रसन्न होकर मां गौरी ने उन्हें मनोकामना पूर्ण होने का आशीर्वाद दिया।
भक्तिमय माहौल में संपन्न हुई तीसरे दिन की लीला
अहिल्या उद्धार, जनकपुर की दिव्यता और राम-सीता के प्रथम मिलन जैसे प्रसंगों ने रामलीला की तीसरी संध्या को भक्तिमय और यादगार बना दिया। मंचन के दौरान श्रद्धालु रामायण के प्रसंगों में भावनात्मक रूप से जुड़े नजर आए और आयोजन स्थल जय श्रीराम के जयकारों से गूंजता रहा।
रिपोर्ट: तृप्ति प्रमाण


