विभागीय आयुक्त की अध्यक्षता में होगी सुनवाई; प्रत्यक्ष और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए भाग ले सकेंगे नागरिक
पालघर : समान नागरिक संहिता (UCC) को लेकर नागरिकों, विभिन्न संस्थाओं और संबंधित समूहों के सुझाव, आपत्तियां एवं विचार जानने के लिए 21 नवंबर 2026 को पालघर जिले में विशेष जनसुनवाई आयोजित की जाएगी। यह सुनवाई दोपहर 3 बजे से शाम 4 बजे तक निर्धारित है।
यह जनसुनवाई कोंकण विभागीय आयुक्त की अध्यक्षता में नवी मुंबई स्थित कोंकण भवन के प्रथम तल पर विभागीय आयुक्त कार्यालय के समिति सभागृह में आयोजित होगी। पालघर जिले के नागरिक जिलाधिकारी कार्यालय में उपस्थित होकर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अपना पक्ष रख सकेंगे।
प्रशासन ने जनसुनवाई में शामिल होने वाले नागरिकों से निर्धारित समय से कम से कम एक घंटा पहले पहुंचने की अपील की है, ताकि आवश्यक प्रक्रिया समय पर पूरी की जा सके।
इसके अलावा, ऑनलाइन माध्यम से सुझाव और आपत्तियां दर्ज कराने के इच्छुक नागरिक महाराष्ट्र शासन के समान नागरिक संहिता पोर्टल https://ucc.maharashtra.gov.in/ पर अपनी राय प्रस्तुत कर सकते हैं। पोर्टल पर समान नागरिक संहिता से जुड़े 37 मुद्दों के आधार पर सुझाव दर्ज कराने की सुविधा उपलब्ध होने की जानकारी दी गई है।
अपर जिलाधिकारी सुभाष भागाडे ने जिले के नागरिकों, संस्थाओं और संबंधित संगठनों से अपील की है कि वे प्रत्यक्ष अथवा ऑनलाइन माध्यम से इस जनसुनवाई में सक्रिय भागीदारी करें और अपने सुझाव तथा आपत्तियां प्रशासन के सामने रखें।


