मनोर में फिर दिखा अजगर; 8 फीट लंबे अजगर को सर्पमित्रों ने दिया जीवनदान |

Share:

महज 16 दिनों में पाटील पाड़ा इलाके में दूसरी बार मिला अजगर; राजेश गोवारी और उनकी टीम ने सुरक्षित रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ा

मनोर, 19 नवंबर : पालघर जिले के मनोर स्थित पाटील पाड़ा इलाके में महज 16 दिनों के अंतराल में एक बार फिर अजगर दिखाई दिया। रात के समय ग्रामीणों की नजर अजगर पर पड़ते ही इसकी सूचना सर्पमित्र राजेश गोवारी को दी गई। जानकारी मिलते ही राजेश गोवारी अपने सहयोगियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और अजगर का सुरक्षित रेस्क्यू किया।

जानकारी के अनुसार, रात करीब 9 बजे अजगर दिखाई देने की सूचना मिलने के बाद राजेश गोवारी ने तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया। इस दौरान लगभग 8 फीट लंबे और करीब 20 किलो वजनी अजगर को बिना किसी नुकसान पहुंचाए सुरक्षित रूप से पकड़ा गया। इसके बाद उसे जंगल में उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया गया।

इस रेस्क्यू अभियान में गणेश पवार, सचिन परहाड, तन्मय धनगावकर और भीमराव धनगावकर ने सहयोग किया।

खास बात यह है कि इसी इलाके में 1 नवंबर को भी एक अजगर मिला था। उस समय भी राजेश गोवारी ने उसका सुरक्षित रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ दिया था। इस तरह महज 16 दिनों के भीतर पाटील पाड़ा क्षेत्र में दूसरी बार अजगर मिलने की घटना सामने आई है।

वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए सर्पमित्रों की तत्परता

दिन हो या आधी रात, सांप या अन्य वन्यजीव दिखाई देने की सूचना मिलने पर राजेश गोवारी और उनके सहयोगी मौके पर पहुंचकर उन्हें सुरक्षित बचाने का प्रयास करते हैं। उनके इस कार्य की स्थानीय क्षेत्र में सराहना की जा रही है।

इस घटना के बाद लोगों से अपील की गई है कि यदि कोई सांप या अन्य वन्यजीव रिहायशी इलाके में दिखाई दे, तो उसे मारने या खुद पकड़ने का प्रयास न करें। इसके बजाय प्रशिक्षित सर्पमित्रों या संबंधित वन विभाग से संपर्क करें, ताकि वन्यजीव का सुरक्षित रेस्क्यू कर उसे उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ा जा सके।

Share: