‘हे खग मृग हे मधुकर श्रेनी…’ के साथ सीता की खोज में निकले प्रभु श्रीराम |

Share:

श्रीराम नगर रामलीला के आठवें दिन सीता खोज, राम-सुग्रीव मित्रता, बाली वध, शबरी मिलन और लंका दहन का हुआ सजीव मंचन

नालासोपारा : पूर्व स्थित श्रीराम नगर में श्रीराम नगर रामलीला मंडल की ओर से आयोजित रामलीला के आठवें दिन गुरुवार को रामायण के कई महत्वपूर्ण प्रसंगों का भावपूर्ण मंचन किया गया। इस दौरान भगवान श्रीराम की सीता खोज, सुग्रीव से मित्रता, बाली वध, शबरी आश्रम में प्रभु के आगमन और हनुमानजी द्वारा लंका दहन के दृश्य प्रस्तुत किए गए। रामलीला देखने के लिए आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और लीला प्रेमी पहुंचे।

‘हे खग मृग हे मधुकर श्रेनी…’ से भावुक हुए दर्शक

रामलीला के प्रसंग के अनुसार, जब भगवान श्रीराम और लक्ष्मण को पता चला कि माता सीता कुटिया में नहीं हैं, तो दोनों भाई उनकी खोज में वन-वन भटकने लगे। इस दौरान श्रीराम पशु-पक्षियों और वन के जीवों से माता सीता के बारे में पूछते हुए करुण स्वर में कहते हैं—

‘हे खग मृग हे मधुकर श्रेनी, तुम्ह देखी सीता मृगनैनी।’

इस मार्मिक प्रसंग ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। सीता की खोज के दौरान दोनों भाइयों की मुलाकात घायल जटायु से होती है। जटायु उन्हें बताते हैं कि रावण ने उन पर प्राणघातक हमला किया था और माता सीता का हरण कर दक्षिण दिशा की ओर ले गया है।

राम-सुग्रीव मित्रता और शबरी मिलन का मंचन

इसके बाद राम-सुग्रीव मित्रता, बाली वध और शबरी आश्रम में भगवान श्रीराम के आगमन के प्रसंगों का मंचन किया गया। कलाकारों ने अपने अभिनय और संवादों के माध्यम से इन प्रसंगों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।

वहीं, हनुमानजी द्वारा लंका पहुंचकर माता सीता का पता लगाने और लंका दहन के रोमांचक दृश्य ने दर्शकों में विशेष उत्साह भर दिया।

कलाकारों के अभिनय ने जीवंत किए रामायण के प्रसंग

श्रीराम नगर रामलीला मंडल के कलाकारों ने अपने प्रभावशाली अभिनय और संवादों के माध्यम से रामायण के प्रसंगों को जीवंत कर दिया। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालु भक्ति और उत्साह के साथ रामलीला का आनंद लेते नजर आए।

आठवें दिन की लीला में सीता खोज से लेकर लंका दहन तक के प्रसंगों ने दर्शकों को रामायण की कथा से भावनात्मक रूप से जोड़ दिया।

Share: