नालासोपारा महावितरण कार्यालय में एसीबी की कार्रवाई, सहायक अभियंता पर 10 हजार रुपये रिश्वत मांगने का आरोप |

Share:

22 बिजली कनेक्शनों की मंजूरी के बदले मांगी थी रिश्वत; पालघर एसीबी ने हिरासत में लिया

नालासोपारा : पालघर भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने नालासोपारा पूर्व स्थित महावितरण के आचोले सब-डिवीजन कार्यालय में कार्रवाई करते हुए सहायक अभियंता श्रीकृष्ण समाधान राजस (51) को हिरासत में लिया है। उन पर नए बिजली मीटर कनेक्शनों की मंजूरी के बदले 10 हजार रुपये रिश्वत मांगने का आरोप है।

एसीबी के अनुसार, इस मामले में शिकायतकर्ता 46 वर्षीय निजी इलेक्ट्रिशियन हैं। उन्होंने 15 ग्राहकों के नए बिजली कनेक्शन के लिए ऑनलाइन आवेदन किया था। आरोप है कि सहायक अभियंता ने प्रति कनेक्शन 500 रुपये के हिसाब से कुल 7,500 रुपये की मांग की थी। इसके बाद शिकायतकर्ता ने 22 सितंबर 2026 को पालघर एसीबी कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई।

एसीबी की ओर से 22 सितंबर, 29 सितंबर और 22 अक्टूबर को किए गए सत्यापन के दौरान 15 पुराने और 7 नए, कुल 22 बिजली कनेक्शनों के लिए 11 हजार रुपये की मांग सामने आई। बताया गया कि बातचीत के बाद रिश्वत की मांग घटाकर 10 हजार रुपये कर दी गई।

इस मामले में 20 नवंबर 2026 को आचोले पुलिस स्टेशन में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत अपराध क्रमांक 560/2026 दर्ज किया गया। आरोपी सहायक अभियंता को हिरासत में लेकर गिरफ्तारी की प्रक्रिया शुरू की गई है।

यह कार्रवाई पुलिस उपाधीक्षक दादाराम करांडे की टीम ने पुलिस अधीक्षक शिवराज पाटील के मार्गदर्शन में की।

Share: