नियुक्ति से दक्षिण मुंबई के व्यापारिक एवं औद्योगिक जगत में खुशी; रेल यात्रियों और उद्योग जगत से जुड़े मुद्दे रेलवे प्रशासन के समक्ष उठाने का दिया भरोसा
मुंबई : मध्य रेल के मुंबई मंडल की मंडल रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति (DRUCC) में नरेंद्र आर. पोद्दार को सदस्य नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति से दक्षिण मुंबई के व्यापारिक एवं औद्योगिक जगत में खुशी और उत्साह का माहौल है। विभिन्न व्यापारिक एवं औद्योगिक संगठनों ने इसे व्यापारिक समुदाय के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए प्रसन्नता व्यक्त की है।
नियुक्ति के बाद नरेंद्र आर. पोद्दार ने बताया कि मंडल रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति का मुख्य उद्देश्य रेल यात्रियों और रेलवे प्रशासन के बीच प्रभावी संवाद तथा बेहतर समन्वय स्थापित करना है। समिति के माध्यम से यात्रियों की समस्याओं, जरूरतों और अपेक्षाओं को रेलवे प्रशासन तक पहुंचाया जाता है। इसके साथ ही रेल सेवाओं को अधिक सुदृढ़, सुविधाजनक, सुरक्षित और जनहितकारी बनाने के लिए रचनात्मक सुझाव भी प्रस्तुत किए जाते हैं।
यात्रियों और व्यापारिक समुदाय के मुद्दे उठाने का भरोसा
नरेंद्र आर. पोद्दार ने विश्वास जताया कि समिति के सदस्य के रूप में वे रेल यात्रियों के साथ-साथ व्यापारिक एवं औद्योगिक समुदाय से जुड़े मुद्दों को भी प्राथमिकता से रेलवे प्रशासन के समक्ष रखेंगे। उनका प्रयास रहेगा कि रेल सुविधाओं में सुधार हो और यात्रियों की समस्याओं का प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
विभिन्न व्यापारिक संगठनों ने जताई खुशी
नरेंद्र आर. पोद्दार की नियुक्ति पर टेक्सटाइल एसोसिएशन ऑफ बदलापुर, अखिल भारतीय पावरलूम बोर्ड, भारत मर्चेंट्स चैंबर, भारत चैंबर ट्रस्ट, महाराष्ट्र टेक्सटाइल प्रोसेसर्स एसोसिएशन, बदलापुर इंडस्ट्रीज वेलफेयर एसोसिएशन तथा डोंबिवली बेटर एनवायरनमेंट सिस्टम एसोसिएशन सहित विभिन्न संगठनों ने हर्ष व्यक्त किया है।
व्यापारिक संगठनों ने उम्मीद जताई कि नरेंद्र आर. पोद्दार के अनुभव और सक्रिय सहभागिता से रेलवे प्रशासन तथा व्यापारिक समुदाय के बीच संवाद मजबूत होगा। साथ ही रेल यात्रियों और उद्योग जगत से जुड़े मुद्दों को उचित मंच मिल सकेगा।


