महाराष्ट्र सरकार ने जारी की नई एसओपी; बच्चों के इंटरव्यू और डोनेशन पर प्रतिबंध, नियमों का उल्लंघन करने वाले स्कूलों पर होगी कार्रवाई
मीरा-भाईंदर : निजी स्कूलों में दाखिले के नाम पर अभिभावकों से मनमानी फीस वसूलने, डोनेशन मांगने और छोटे बच्चों का इंटरव्यू लेने जैसी शिकायतों पर महाराष्ट्र सरकार ने सख्त कदम उठाया है। शिक्षा के अधिकार (RTE) अधिनियम के तहत निजी गैर-सहायता प्राप्त स्कूलों में प्रवेश प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए प्राथमिक शिक्षा निदेशालय ने 16 नवंबर को नई मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) जारी की है।
नई गाइडलाइन के अनुसार, RTE के तहत प्री-प्राइमरी और पहली कक्षा में दाखिले के लिए स्कूल प्रबंधन बच्चों का किसी भी प्रकार का इंटरव्यू या स्क्रीनिंग टेस्ट नहीं ले सकेंगे। इसके साथ ही अभिभावकों से डोनेशन अथवा किसी भी तरह का अनधिकृत शुल्क वसूलने पर भी प्रतिबंध रहेगा।
अधिक आवेदन आने पर पारदर्शी लॉटरी से होगा प्रवेश
नई एसओपी में प्रवेश प्रक्रिया को निष्पक्ष बनाने के लिए स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। निर्धारित सीटों की तुलना में अधिक आवेदन प्राप्त होने पर दाखिले पारदर्शी लॉटरी प्रणाली के माध्यम से करना अनिवार्य होगा।
बच्चों की आयु निर्धारित करने के लिए 30 जून को कटऑफ तारीख तय की गई है। आयु संबंधी इस व्यवस्था को वर्ष 2027 से चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा।
शिक्षा अधिकारी करेंगे निजी स्कूलों का निरीक्षण
नई एसओपी के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निजी स्कूलों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं। यदि किसी स्कूल द्वारा नियमों का उल्लंघन किए जाने की शिकायत मिलती है, तो संबंधित स्कूल प्रबंधन को कारण बताओ नोटिस जारी किया जाएगा। इसके बाद नियमानुसार कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है।
शिक्षा समिति सभापति ने किया फैसले का स्वागत
महाराष्ट्र सरकार के इस निर्णय का स्वागत करते हुए मीरा-भाईंदर महानगरपालिका की शिक्षा, कला, क्रीड़ा एवं सांस्कृतिक समिति की सभापति स्नेहा शैलेश पांडे ने कहा कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में लागू की गई नई नीति का शहर के सभी निजी स्कूलों को सख्ती से पालन करना होगा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्कूल के खिलाफ नियमों के उल्लंघन की शिकायत मिलने पर महानगरपालिका का शिक्षा विभाग उचित जांच करेगा और आवश्यक कार्रवाई करेगा।
सरकार के इस फैसले से RTE के तहत प्रवेश लेने वाले बच्चों के अभिभावकों को राहत मिलने और निजी स्कूलों की दाखिला प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ने की उम्मीद है।


