कळवा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 94.78 लाख रुपये का प्रतिबंधित गुटखा जब्त |

Share:

कंटेनर में पंखे और हार्डवेयर का सामान रखकर की जा रही थी गुटखे की तस्करी; चालक गिरफ्तार, सात अन्य आरोपियों की तलाश जारी |

ठाणे : प्रतिबंधित गुटखे की कथित अवैध तस्करी के खिलाफ कळवा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 94 लाख 78 हजार रुपये का मुद्देमाल जब्त किया है। पुलिस ने मुंब्रा-भिवंडी महामार्ग पर पारसिक सर्कल स्थित अमित गार्डन के सामने एक आयशर कंटेनर को रोककर तलाशी ली। इस दौरान कंटेनर से 66 लाख 78 हजार रुपये कीमत का प्रतिबंधित ‘Gold 9000’ गुटखा बरामद हुआ। इसके अलावा 28 लाख रुपये कीमत का आयशर कंटेनर भी जब्त किया गया। मामले में चालक को गिरफ्तार किया गया है, जबकि गुटखे के निर्माता, परिवहनकर्ता और वितरक सहित सात अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 26 नवंबर 2026 को दोपहर करीब 1:40 बजे कळवा पुलिस को सूचना मिली थी कि मुंब्रा से भिवंडी की ओर जाने वाले मार्ग पर एक संदिग्ध आयशर कंटेनर (क्रमांक TG-12-U-1611) के जरिए प्रतिबंधित गुटखे की तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक संतोष पिंपळे और उनकी टीम ने पारसिक सर्कल स्थित अमित गार्डन के सामने जाल बिछाकर कंटेनर को रोक लिया।

पंखों और हार्डवेयर के सामान के पीछे छिपाया था गुटखा

कंटेनर की तलाशी के दौरान तस्करी का तरीका सामने आया। पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच से बचने के लिए कंटेनर के अगले हिस्से में पंखे और हार्डवेयर का सामान रखा गया था, जबकि पीछे की ओर बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित गुटखा छिपाया गया था।

पुलिस ने गहन तलाशी के दौरान 53 बड़ी बोरियों में ‘Gold 9000’ गुटखे के कुल 19,080 पैकेट बरामद किए।

94.78 लाख रुपये का मुद्देमाल जब्त

पुलिस ने 66 लाख 78 हजार रुपये मूल्य का प्रतिबंधित गुटखा और 28 लाख रुपये कीमत का आयशर कंटेनर जब्त किया। दोनों की कुल कीमत 94 लाख 78 हजार रुपये बताई गई है।

इस मामले में खाद्य सुरक्षा अधिकारी अरुणा वीरकायदे की शिकायत पर कळवा पुलिस स्टेशन में अपराध क्रमांक 643/2026 दर्ज किया गया है। आरोपियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 तथा भारतीय न्याय संहिता, 2023 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

कंटेनर चालक गिरफ्तार, सात अन्य आरोपियों की तलाश

पुलिस ने कंटेनर चालक मेहराज करीम शेख (32), निवासी भिवंडी और मूल निवासी हैदराबाद, को गिरफ्तार किया है। पुलिस अब गुटखे के निर्माता, तस्करी में शामिल परिवहनकर्ता और वितरकों समेत सात अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।

जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि प्रतिबंधित गुटखा कहां से लाया गया था और इसकी आपूर्ति आगे किन स्थानों पर की जानी थी। पुलिस के अनुसार, मामले की जांच के दौरान गुटखा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है।

वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में कार्रवाई

यह कार्रवाई अपर पुलिस आयुक्त अशोक धुबे, पश्चिम प्रादेशिक विभाग के पुलिस उपायुक्त बालासाहेब पाटील तथा ठाणे परिमंडल-1 के पुलिस उपायुक्त के मार्गदर्शन में की गई।

अभियान में पुलिस निरीक्षक प्रतापराव भोसले, पुलिस निरीक्षक सुनील पुंगळे, पुलिस निरीक्षक प्रकाश सुतार, सहायक पुलिस निरीक्षक संतोष पिंपळे (जांच अधिकारी) और कळवा पुलिस स्टेशन की टीम शामिल रही।

Share: