ठेकेदार की प्रति किलोमीटर दर, केंद्र सरकार के अनुदान, टिकट से होने वाली आय और मनपा पर पड़ने वाले आर्थिक बोझ का विस्तृत हिसाब सार्वजनिक करने की मांग
नालासोपारा : वसई-विरार शहर महानगरपालिका की परिवहन सेवा में शामिल की गई 43 इलेक्ट्रिक बसों के संचालन खर्च और आर्थिक व्यवस्था को लेकर पारदर्शिता की मांग उठाई गई है। इस संबंध में महानगरपालिका आयुक्त को पत्र सौंपकर बसों के संचालन पर होने वाले कुल खर्च, ठेकेदार को भुगतान की जाने वाली प्रति किलोमीटर दर, केंद्र सरकार से मिलने वाले अनुदान और महानगरपालिका के स्वनिधि से होने वाले खर्च का विस्तृत विवरण मांगा गया है।
पत्र में कहा गया है कि शहर के नागरिकों को बेहतर, सुरक्षित और किफायती सार्वजनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना स्वागतयोग्य कदम है। हालांकि, इन बसों के संचालन के लिए ठेकेदार को किए जाने वाले भुगतान, टिकट बिक्री से मिलने वाली आय, केंद्र सरकार की आर्थिक सहायता और अन्य प्रशासनिक खर्चों को ध्यान में रखते हुए महानगरपालिका की आर्थिक स्थिति पर पड़ने वाले प्रभाव की स्पष्ट जानकारी सार्वजनिक होनी चाहिए।
बसों की लागत और प्रति किलोमीटर भुगतान की जानकारी मांगी
मांग पत्र में हाल ही में शामिल की गई 43 इलेक्ट्रिक बसों की खरीद अथवा संचालन करार की कुल लागत का विवरण मांगा गया है। इसके साथ ही 9 मीटर और 12 मीटर लंबाई वाली बसों के लिए ठेकेदार को प्रति किलोमीटर भुगतान की जाने वाली दर, प्रत्येक बस के लिए प्रतिदिन निर्धारित किलोमीटर तथा सभी 43 बसों के संचालन पर प्रतिदिन, प्रतिमाह और प्रतिवर्ष होने वाले खर्च की जानकारी मांगी गई है।
केंद्र सरकार के अनुदान और टिकट से होने वाली आय का हिसाब मांगा
पत्र में यह भी पूछा गया है कि PM-eBus Sewa अथवा केंद्र सरकार की अन्य योजनाओं के तहत इन बसों के लिए कितनी सब्सिडी या आर्थिक सहायता मंजूर हुई है। अनुदान मिलने के बाद महानगरपालिका को अपने निधि से कितनी राशि खर्च करनी पड़ेगी और यात्रियों के टिकट से सालाना कितनी आय होने की उम्मीद है, इसका भी विस्तृत विवरण उपलब्ध कराने की मांग की गई है।
इसके अलावा बस चालकों, वाहकों, रखरखाव, मरम्मत, चार्जिंग और डिपो प्रबंधन का खर्च किसके जिम्मे होगा, इसकी जानकारी भी मांगी गई है।
ठेकेदार के करार और भुगतान की शर्तों पर भी जानकारी की मांग
मांग पत्र में ठेकेदार को न्यूनतम किलोमीटर की गारंटी या निश्चित मासिक भुगतान देने की शर्त है या नहीं, करार कितने वर्षों के लिए किया गया है और उसकी आर्थिक शर्तें क्या हैं, इन सभी बिंदुओं पर स्पष्ट जानकारी देने की अपेक्षा जताई गई है।
पांच वर्षों का आर्थिक आराखड़ा महासभा के सामने रखने की मांग
विशेष रूप से 43 इलेक्ट्रिक बसों के संचालन के लिए अगले पांच वर्षों का विस्तृत आर्थिक आराखड़ा तैयार कर महानगरपालिका की महासभा के सामने प्रस्तुत करने की मांग की गई है। साथ ही केंद्र सरकार से मिलने वाले अनुदान, टिकट बिक्री से प्राप्त आय और महानगरपालिका के स्वनिधि से होने वाले खर्च का अलग-अलग विवरण नागरिकों के लिए सार्वजनिक करने की अपेक्षा जताई गई है।
पत्र में स्पष्ट किया गया है कि सार्वजनिक परिवहन सेवा नागरिकों के हित में होनी चाहिए, लेकिन इसके साथ महानगरपालिका की आर्थिक तिजोरी पर अनावश्यक बोझ न पड़े, इसके लिए पारदर्शी आर्थिक नियोजन और जवाबदेही भी जरूरी है।
फिलहाल, महानगरपालिका आयुक्त की ओर से इस मांग पर क्या प्रतिक्रिया दी गई है, इसकी जानकारी उपलब्ध नहीं है। अब देखना होगा कि प्रशासन इन सवालों पर कितना विस्तृत आर्थिक विवरण सार्वजनिक करता है।


