राष्ट्रीय हिंदी साप्ताहिक — तृप्ति प्रमाण
तलासरी, 09 नवम्बर 2025 :
मुंबई–अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-48) पर दापचरी के पास रविवार शाम लगभग 7:30 बजे एक एर्टिगा (MH 48 AJ 5507 – CNG) वाहन में अचानक आग लगने की घटना घटी।
मुंबई की ओर जा रही इस गाड़ी के नीचे से अचानक धुआं उठता देखकर पीछे चल रहे वाहनचालकों ने चालक को सतर्क किया। चालक ने तत्परता दिखाते हुए वाहन रोका और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। कुछ ही क्षणों में वाहन ने भीषण आग पकड़ ली।
गाड़ी में एक ही परिवार के सात सदस्य — छह वयस्क और एक छोटा बच्चा सवार थे। सौभाग्य से सभी लोग पूरी तरह सुरक्षित हैं और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
घटनास्थल पर डहाणू अग्निशमन दल ने तुरंत पहुंचकर आग पर नियंत्रण पाया। यात्रियों को पास के पेट्रोल पंप पर सुरक्षित स्थान पर रखा गया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस निरीक्षक अजय गोरड के निर्देशानुसार उपनिरीक्षक कांबले, जयराम उमतोल, पुलिसकर्मी मोरे और लंबे मौके पर पहुंचे, आवश्यक कार्यवाही की और यातायात को सुचारू बनाए रखा।
सदर घटना की जांच तलासरी पुलिस थाने की ओर से जारी है।