विरार: शहर में आयोजित ‘महापौर ट्रॉफी एकता रन’ का 24वां संस्करण उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। रविवार सुबह लगभग 6:30 बजे विरार (पूर्व) स्थित विवा गिरीविहार चौक से महापौर अजीव पाटील ने ध्वज लहराकर दौड़ की शुरुआत की। कार्यक्रम का आयोजन विधायक हितेंद्र ठाकुर के मार्गदर्शन तथा पूर्व विधायक क्षितिज ठाकुर की पहल पर किया गया। इस प्रतियोगिता में तीन हजार से अधिक प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। बच्चों, युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों की सक्रिय भागीदारी ने आयोजन को यादगार बना दिया। पूरे मार्ग पर उत्साह और जोश का माहौल देखने को मिला। अपने संबोधन में महापौर ने कहा कि आधुनिक डिजिटल दौर में युवाओं और बच्चों को खेल मैदान से जोड़ना बेहद आवश्यक है। उन्होंने बताया कि विरार में अंतरराष्ट्रीय मानकों वाला सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक विकसित करने की योजना तैयार की जा रही है। इसके साथ ही जीवदानी पहाड़ी के पास स्थित क्रिकेट मैदान को उन्नत किया जाएगा तथा विरार पश्चिम में एक नए खेल संकुल की शुरुआत प्रस्तावित है। फुलपाड़ा क्षेत्र में स्थित स्विमिंग पूल के आधुनिकीकरण की प्रक्रिया भी शीघ्र शुरू होने की बात कही गई। इसके अलावा अर्नाला और वसई समुद्र तट को विकसित कर खेल पर्यटन को प्रोत्साहन देने की दिशा में कार्य जारी है। युवाओं के कौशल संवर्धन के लिए विशेष प्रशिक्षण केंद्र स्थापित करने का प्रस्ताव भी शासन स्तर पर भेजा गया है। कार्यक्रम में नगरसेवक प्रशांत राऊत, निशाद चोरघे, नगरसेविका संगीता भेरे, मिनू झा, प्रतिभा पाटील, पूर्व नगरसेवक बी.बी. गमरे, वरिष्ठ समाजसेवक भालचंद्र पाटील, पूर्व सभापति चिरायू चौधरी, पूर्व नगरसेविका मीनल पाटील तथा विरार पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक विलास तुरे और पुलिस उपनिरीक्षक कदम सहित कई गणमान्य नागरिक और मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
तृप्ति प्रमाण। राष्ट्रीय हिंदी साप्ताहिक संवाददाता: साहिल यादव
विरार में संपन्न हुआ महापौर ट्रॉफी एकता रन का 24वां संस्करण, 3000 से अधिक प्रतिभागियों ने ली भागीदारी |
Published On: February 23, 2026 11:21 am
---Advertisement---