पटना, सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन ने शनिवार को बिहार के 43वें राज्यपाल के रूप में शपथ ली। राजधानी पटना स्थित लोक भवन (राजभवन परिसर) में आयोजित एक गरिमामय समारोह में पटना उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस तरह वे राज्य के 43वें राज्यपाल बन गए हैं। समारोह में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सहित राज्य सरकार के कई वरिष्ठ मंत्री, प्रशासनिक अधिकारी अधिकारी और विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता मौजूद रहे। राज्य के दोनों उपमुख्यमंत्री भी इस मौके पर उपस्थित थे। शपथ के बाद राज्यपाल ने सभी गणमान्य लोगों का अभिवादन किया। समारोह के दौरान राज्यपाल पद की शपथ लेने के बाद सैयद अता हसनैन ने कहा कि वे संविधान की मर्यादाओं के अनुरूप बिहार के सर्वांगीण विकास और सुशासन की परंपरा को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध रहेंगे। उन्होंने राज्य की जनता के सहयोग से शिक्षा, विकास और सामाजिक समरसता को मजबूत करने की दिशा में काम करने की बात कही। सेना में लंबी और उल्लेखनीय सेवा देने वाले सैयद अता हसनैन को भारतीय सेना में उनके रणनीतिक नेतृत्व और प्रशासनिक क्षमता के लिए जाना जाता है। करीब चार दशकों तक उन्होंने सेना में विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर जिम्मेदारी निभाई। अपने सैन्य कैरियर के दौरान उन्होंने विशेष रूप से जम्मू-कश्मीर में तैनाती के दौरान कई अहम अभियानों और प्रशासनिक कार्यों का नेतृत्व किया।
ब्यूरो चीफ विनोद प्रसाद