अंडे खाने वालों के लिए यह खास खबर है। बहुत जल्द हर अंडे पर उसकी एक्सपायरी डेट लिखी हुई मिलेगी। हालांकि अभी यह व्यवस्था उत्तर प्रदेश में ही लागू की गई है। यूपी की योगी आदित्यनाथ सरकार ने 1 अप्रैल से अंडे का कारोबार करने वालों के लिए हर अंडे पर उसकी एक्सपायरी डेट की मुहर लगाना अनिवार्य कर दिया है। साथ ही अंडों पर वह तारीख भी लिखी हुई मिलेगी, जिस दिन मुर्गी ने उन्हें दिया गया था। पशुपालन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि व्यापारियों और मुर्गी पालन करने वालों को अनिवार्य तौर पर इस नियम का पालन करना होगा। अगर मुर्गी के अंडे को लगभग 30 डिग्री सेल्सियस के सामान्य तापमान पर रखा जाए, तो वह दिए जाने के दो हफ्तों के अंदर खाने के लिए सुरक्षित रहता है। इसके अलावा अगर उसे 2 से 8 डिग्री सेल्सियस पर रखा जाए, तो पांच हफ्तों तक उस अंडे को खाया जा सकता है। नए नियम का पालन नहीं करने पर या तो बाजार में अंडों की खेप को नष्ट किया जाएगा या फिर अंडों पर ‘इंसानों के खाने लायक नहीं’ की मुहर लगा दी जाएगी। खाद्य सुरक्षा नियमों के मुताबिक, अंडों को सब्जियों के साथ कोल्ड स्टोरेज में नहीं रखा जा सकता, क्योंकि उन्हें अलग-अलग तापमान की जरूरत होती है। अधिकारियों के मुताबिक, सरकार के इस फैसले का मकसद है कि उपभोक्ताओं को ताजा और सुरक्षित खाद्य सामग्री मिले। इस नए नियम के लागू होने से बाजार में बिकने वाले खराब और बासी अंडों की बिक्री पर रोक लगेगी, जिन्हें खाने से लोगों की सेहत पर खराब असर पड़ता है। अभी तक की व्यवस्था में अंडों पर कोई एक्सपायरी डेट नहीं लिखी होती है।
अब हर अंडे पर लिखी होगी एक्सपायरी डेट, उत्तर प्रदेश में 1 अप्रैल से नियम लागू, योगी सरकार का बड़ा फैसला |
Published On: March 18, 2026 8:46 pm
---Advertisement---