पालघर (मुंबई) : वैश्विक परिस्थितियों को लेकर देश के कुछ इलाकों में पेट्रोल और डीजल की कमी की खबरें चर्चा में हैं, लेकिन पालघर जिले में ऐसी कोई स्थिति नहीं है। यहां ईंधन की आपूर्ति लगातार और व्यवस्थित रूप से जारी है। जिला प्रशासन ने साफ किया है कि पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त भंडार मौजूद है और आम जनता को घबराने की बिल्कुल जरूरत नहीं है। नागरिकों से अपील की गई है कि वे अनावश्यक रूप से ईंधन जमा करने से बचें और अफवाहों के कारण पेट्रोल पंपों पर भीड़ न लगाएं। अधिकारियों ने यह भी कहा कि गलत या भ्रामक जानकारी फैलाना कानूनी अपराध है। यदि कोई व्यक्ति अफवाह फैलाते हुए पाया जाता है, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जिला कलेक्टर कार्यालय ने सभी नागरिकों से शांति बनाए रखने, संयम बरतने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।
✍️ संवाददाता: साहिल यादव