संवाददाता: साहिल यादव वसई-विरार, मुंबई: वसई-विरार शहर महानगरपालिका द्वारा चलाए जा रहे टीबी उन्मूलन अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग लगातार सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है। इस अभियान का उद्देश्य क्षेत्र को टीबी मुक्त बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाना है। महानगरपालिका की वैद्यकीय स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. भक्ति चौधरी ने जानकारी देते हुए बताया कि इस विशेष अभियान को 100 दिनों की अवधि में संचालित किया जा रहा है। इसके अंतर्गत स्वास्थ्य टीम द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में जाकर लोगों की जांच की जा रही है। आधुनिक पोर्टेबल एक्स-रे मशीनों की सहायता से मौके पर ही जांच की सुविधा दी जा रही है, जिससे अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच बनाई जा सके। उन्होंने बताया कि अब तक करीब 2 लाख से अधिक नागरिकों की स्क्रीनिंग की जा चुकी है। साथ ही लगभग 80 हजार से 1 लाख के बीच एक्स-रे जांच पूरी की गई हैं, जिनमें मोबाइल (पोर्टेबल) और अस्पताल आधारित दोनों प्रकार की सेवाएं शामिल हैं। आंकड़ों के अनुसार, बीते वर्ष से अब तक 6 हजार से अधिक टीबी मरीजों का इलाज शुरू किया गया था, जिनमें से लगभग आधे मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। फिलहाल करीब 3,500 मरीजों का उपचार जारी है। डॉ. चौधरी ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि यदि किसी व्यक्ति को लंबे समय तक खांसी, बुखार, सर्दी या दो सप्ताह से ज्यादा चलने वाली खांसी के साथ बलगम जैसी समस्या हो, तो इसे नजरअंदाज न करें। ऐसे लक्षण दिखने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या अस्पताल में जाकर जांच करानी चाहिए। उन्होंने यह भी जोर दिया कि समय पर एक्स-रे और स्पुटम टेस्ट करवाना बेहद जरूरी है, क्योंकि बीमारी का जल्द पता चलने से उपचार जल्दी शुरू हो सकता है और मरीज तेजी से स्वस्थ हो सकता है। साथ ही, टीबी एक संक्रामक बीमारी है, इसलिए घर में किसी एक व्यक्ति को होने पर अन्य सदस्यों के संक्रमित होने का खतरा भी बढ़ जाता है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से सतर्क रहने, लक्षणों को पहचानने और समय पर चिकित्सा सहायता लेने की अपील की है, ताकि टीबी जैसी गंभीर बीमारी पर जल्द नियंत्रण पाया जा सके।
“वसई-विरार में टीबी के खिलाफ बड़ा अभियान: लाखों लोगों की जांच, हजारों मरीजों का उपचार जारी”|
by Sahil Yadav
Published On: April 12, 2026 1:50 pm
---Advertisement---