पालघर, 19 अप्रैल: जिले के औद्योगिक क्षेत्र बोईसर में भगवान विष्णु के छठे अवतार भगवान परशुराम के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में रविवार को भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया। ‘बोईसर चा एकदंत’ के तत्वावधान में निकाली गई इस यात्रा में स्थानीय श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
पुलिस प्रशासन और आयोजकों के समन्वय से संपन्न हुई इस शोभायात्रा की शुरुआत दोपहर 5:30 बजे भीमनगर से हुई। यात्रा स्टेशन मार्ग होते हुए यशवंत सृष्टि तक पहुंची। रास्ते में श्रद्धालु भगवान परशुराम के जयकारों के साथ यात्रा में शामिल होते रहे।
शोभायात्रा में भगवान परशुराम की दिव्य झांकी मुख्य आकर्षण रही। इस बार पहली बार बोईसर में बाबा खाटूश्याम की शाही सवारी भी शामिल की गई, जिसके दौरान भक्तों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। आयोजन में लाइव भजन रोड शो का भी आयोजन किया गया, जिसमें मधुर म्यूजिकल ग्रुप द्वारा भजन प्रस्तुत किए गए। ढोल-ताशा पथकों की प्रस्तुतियों ने भी कार्यक्रम में सांस्कृतिक रंग भर दिया।
आयोजन समिति के प्रतिनिधियों के अनुसार, भगवान परशुराम का जीवन सेवा, धर्मरक्षा और धर्म प्रचार का संदेश देता है। इसी भावना के साथ समाज में धार्मिक चेतना और सामाजिक एकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से यह आयोजन किया गया।
प्रशासन की ओर से यातायात व्यवस्था और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। शोभायात्रा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।