---Advertisement---

नीट यूजी 2026 पुनर्परीक्षा: पटना प्रशासन पूरी तरह अलर्ट, 21 जून को सभी कोचिंग संस्थान रहेंगे बंद |

---Advertisement---

पटना। नीट यूजी 2026 की बहुप्रतीक्षित पुनर्परीक्षा को लेकर बिहार की राजधानी पटना में जिला प्रशासन पूरी तरह से ‘अलर्ट मोड’ पर आ गया है। परीक्षा की पारदर्शिता और शुचिता बनाए रखने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। इसी कड़ी में 21 जून को एहतियातन पूरे पटना में सभी कोचिंग संस्थानों को बंद रखने का सख्त आदेश जारी किया गया है।

मुख्यमंत्री के सख्त निर्देश, फुलप्रूफ सुरक्षा के इंतजाम

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने नीट पुनर्परीक्षा को लेकर सभी जिलाधिकारियों और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को फुलप्रूफ सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए हैं। तैयारियों की समीक्षा के लिए जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम. और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कार्तिकेय के. शर्मा ने बुधवार को एक उच्चस्तरीय बैठक की। इस बैठक में परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, अभ्यर्थियों की सुविधाओं और निगरानी तंत्र की बारीकी से समीक्षा की गई।

95 केंद्रों पर 46 हजार से अधिक अभ्यर्थी होंगे शामिल

जिला प्रशासन के मुताबिक, नीट यूजी 2026 की पुनर्परीक्षा में पटना जिले के कुल 95 परीक्षा केंद्रों पर 46,029 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा को कदाचारमुक्त और सफल बनाने के लिए प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि किसी भी स्तर पर कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सीधे कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

सोशल मीडिया पर 24/7 नजर, अफवाह फैलाने पर होगी FIR

अफवाहों और भ्रामक जानकारी पर लगाम लगाने के लिए प्रशासन ने सोशल मीडिया पर 24 घंटे निगरानी का पुख्ता इंतजाम किया है। भ्रामक पोस्ट करने या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ तत्काल प्राथमिकी (FIR) दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा, सभी अनुमंडल पदाधिकारियों (SDM) और पुलिस अधिकारियों को परीक्षा वाले दिन अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार गश्त करने के लिए कहा गया है।

भीषण गर्मी को देखते हुए छात्रों के लिए खास सुविधाएं

परीक्षा के दौरान पड़ रही भीषण गर्मी को देखते हुए जिला प्रशासन ने छात्रों के लिए राहत भरे इंतजाम किए हैं। बिहार राज्य सड़क परिवहन निगम की बसों में नीट अभ्यर्थियों के लिए मुफ्त यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इसके अलावा, सभी परीक्षा केंद्रों पर शुद्ध पेयजल और मेडिकल टीमों की तैनाती रहेगी। परीक्षा केंद्रों के 100 मीटर के दायरे में अभ्यर्थियों और उनके अभिभावकों के आराम के लिए छाया (शेड) की विशेष व्यवस्था भी की जाएगी।

तृप्ति प्रमाण ब्यूरो चीफ विनोद प्रसाद

Join WhatsApp

Join Now

---Advertisement---
Rajesh